देश मे एक बार कोरोना के कारण हालत बिगड़ते जा रहे हैं। खासकर दिल्ली में हालत बेहद खराब होने लगे हैं। ऐसे में एक बार फिर वहां से मजदूरों का पलायन शुरू हो गया है। उनकी आंखों में बेबसी है। लॉकडाउन लगने का खौफ उनके चेहरे पर साफ दिख रहा है। दिल्ली से मजदूर वापस अपने घर आने लगे हैं। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर हर दिन सैकड़ों श्रमिक दिल्ली से आ रहे हैं।
पहली और दूसरी लहर का खौफ उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा है। शनिवार को सप्तक्रांति सुपरफास्ट ट्रेन दिल्ली से मुजफ्फरपुर पहुंची। इसमें सैकड़ों मजदूर और छोटे व्यवसाई और प्राइवेट नौकरी करने वाले यात्री उतरे। अधिकांश मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे। कुछ वैशाली और समस्तीपुर के भी थे। पलायन की यह शुरुआत 2020 में हुए पलायन के खौफनाक मंजर की याद दिला रही है।



मुजफ्फरपुर जंक्शन पर ट्रेन से पहुंच रहे हैं लोग।
हालत बहुत खराब है
दिल्ली से लौटे संतोष कुमार ने बताया कि वे वहां परिवार के साथ रहते हैं। प्राइवेट नौकरी करते हैं। अभी हालत बहुत खराब होने लगी है। दिल्ली में दो दिन का वीकेंड लॉकडाउन लग गया है। इससे पहले नाइट कर्फ्यू लगा था। लेकिन, कोई सुधार नहीं हुआ तो वीकेंड कर्फ्यू लगाया गया है।
अब भी अगर कोरोना के मामले नहीं कम हुए तो लॉकडाउन लगने के पूरे आसार दिख रहे हैं। ये सोचकर वापस लौट गए कि कहीं पिछली बार जैसा हाल न हो। इसलिए समय रहते वहां से घर लौट गए हैं। वैसे भी वहां पर धीरे-धीरे काम बंद होने लगा है। पहली और दूसरी लहर में भागकर आए थे। उस बार काफी परेशानी हुई थी आने में। इस बार इसलिए जल्दी चले आएं हैं।


सिर पर सामान और चेहरे पर शिकन लिए हुए घर को लौट रहे हैं लोग।
लॉकडाउन लगेगा तब निकलना मुश्किल हो जाता
दिल्ली में रहकर नौकरी करने वाले मुजफ्फरपुर के मीनापुर निवासी संजीत कुमार ने बताया कि दिल्ली में स्थिति बहुत खराब है। हर दिन कोरोना के हजारों मरीज सामने आ रहे हैं। जो हालात बन रहे हैं। उससे जल्द ही वहां लॉकडाउन लगने की संभावना है। क्योंकि कोरोना के केस कम नहीं हो रहे हैं। पिछली बार सरकार ने अचानक से लॉकडाउन लगा दिया था। जिसके बाद बिहार लौटने के लिए मारामारी होने लगी थी।

डंडा मारकर पुलिस बंद करा देती है दुकान
वैशाली के कपड़ा व्यवसाई मोहम्मद सज्जाद ने बताया कि दिल्ली में ही व्यवसाय करते हैं। अभी हालत बहुत खराब हो गए हैं। 8 बजे से पहले ही पुलिस आकर डंडा मारकर दुकान बंद करा देती है। फाइन लगाने की चेतावनी दी जाती है। वीकेंड लॉकडाउन लग गया है। व्यवसाय भी चौपट हो गया। पहली और दूसरी लहर में बर्बाद हो गए थे। अब काम फिर जमने लगा था। इसी बीच पुराने जैसे हालात बन गए हैं।
रोजगार छिन गया दिल्ली में
दिल्ली से लौटे वैशाली के रहने वाले मोहम्मद इकबाल ने बताया ये दूसरी बार है जब हमारा रोजगार छिन गया। दूसरी लहर में भी कंपनी ने हटा दिया था। इस बार भी हालत खराब होने लगा है। लॉकडाउन लगने वाला है। फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं। व्यवसाय चौपट हो गया। फिर से उन्हें काम से हटा दिया गया। वहां के हालात देखकर घर लौटने में उन्होंने समझदारी दिखाई।



Leave a Reply