BIHARBreaking NewsSTATE

चिराग पासवान पर बिफरे नीतीश कुमार, कहा- खुद कहां रहता है, पार्टी को भी पता नहीं चलता

आंख की जांच कराने दिल्ली गए बिहार सीएम नीतीश कुमार गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान पर बिफर गए। देश की राजधानी में मुख्यमंत्री के इलाज के लिए जाने पर चिराग के हमले का जवाब देते हुए नीतीश ने कहा कि वो खुद कहां रहता है? बताता भी है क्या? उसकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी मालूम रहता है क्या? नीतीश ने कहा कि चिराग की उम्र कम है। उनको कुछ जानकारी नहीं है। उनका जब जन्म हुआ था तो क्या हाल था बिहार का और अभी क्या हाल है? 

बिहार में इलाज के लिए जितना इंतजाम किया गया है, कुछ पता है उन लोगों को। जहां तक व्यक्तिगत रूप का सवाल है तो जब हम सांसद थे तब से एम्स के लोगों के साथ मेरा संबंध है। यहां आते हैं। मुख्यमंत्री ने चिराग पासवान के बारे में आगे कहा कि वह खुद कहां रहता है किसी को बताता है? पार्टी के लोगों को पता रहता है कि वह कहां है? गौरतलब है कि आंख के इलाज के लिए मुख्यमंत्री की दिल्ली यात्रा पर लोजपा (रामविलास) नेता चिराग पासवान ने गुरुवार को यह ट्वीट किया था कि बिहार में इलाज का भी इंतजाम करें। 

शराबबंदी पर टिप्पणी करते हुए बयान देने वाले खुद क्यों नहीं ध्यान देते हैं? वह किसी दूसरे देश के हैं क्या? अपने-अपने इलाके में क्यों नहीं देखते? वर्ष 2016 में सबलोगों ने एकजुट होकर शराबबंदी का समर्थन किया था। आज इस तरह से बयान देते हैं। मालूम हो मुख्यमंत्री की शराबबंदी समीक्षा बैठक के पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार के इस फैसले के क्रियान्वयन के कई पहलुओं पर सवाल उठाए थे। 

यूपी विधानसभा चुनाव के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए भाजपा के नेताओं से हमारी पार्टी के नेता बात कर रहे हैं। जातीय जनगणना के सवाल पर कहा कि राज्य को अपनी तरफ से कुछ करना है, इसको लेकर सभी दलों से वे बात करेंगे।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.