बिहार के 26 जिलों में आने वाले 48 घंटे में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। दिन में धूप में तेजी भी कम होगी। इसके बाद भी दिन में उमस भरी गर्मी का एहसास होगा क्योंकि मौसम शुष्क यानि ड्राई हो गया है। मौसम विभाग ने पटना सहित बिहार के 26 जिलों में मौसम को लेकर कई पूर्वानुमान जारी किए हैं।
48 घंटे में 26 जिलों का मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले 48 घंटे तक मौसम शुष्क रहेगा और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच होगा। इस दौरान उत्तर पूर्वी बिहार के 7 जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार के साथ दक्षिण बिहार के 19 जिलों बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया के कुछ हिस्साों में सुबह कोहरा छाया रहेगा। प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। कोहरे के कारण 26 जिलों में धूप में भी तेजी नहीं होगी।

कई जिलों में कोहरे का प्रभाव
पटना में कई दिनों से सुबह के समय कोहरा के साथ आसमान में बादल छाए रह रहे हैं। इस दौरान पांच से सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल रही हैं। दिन चढ़ने के साथ धूप निकल रही है जिससे गर्मी का एहसास हो रहा है। हालांकि, इस दौरान तेज हवा की वजह से दिन के साथ ही रात के तापमान में थोड़ा उतार चढ़ाव भी देखने को मिल रहा है। लेकिन पटना में ठंड का असर नहीं दिख रहा है।

तापमान गिरने के बाद भी ठंड बेअसर
पटना में दो दिनों से तापमान में गिरावट होने के बाद भी ठंड बेअसर है। इस दौरान दिन का पारा 44 दिनों के बाद सबसे न्यूनतम स्तर पर 28 डिग्री और रात का तापमान 9 दिनों के बाद सबसे कम 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। बता दें 2 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 27.8 और 6 नवंबर को न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री रिकार्ड किया गया था। मौसम विभाग के वैज्ञानिक संजय कुमार के मुताबिक ठंड में कमी की वजह हवा की तीव्रता में कमी के साथ ही बंगाल की खाड़ी में छाए निम्न हवा के दबाव के साथ आसमान पर छाए हल्के बादल हैं।

सुबह शाम हल्की ठंड और दिन में गर्मी
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में छाए निम्न हवा के दबाव के साथ आसमान पर छाए हल्के बादल से आर्द्रता बढ़ गई है। जिसके प्रभाव से सुबह-शाम मौसम सर्द, तो दिन में गर्मी का एहसास हो रहा है। पटना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री होने का अनुमान है। इस दौरान कोहरे के साथ ही कुछ स्थानों पर आसमान पर हल्के बादल छाए रहेंगे।



Leave a Reply