यूसुफ हुसैन (Yusuf Hussain) का इंतकाल हो गया है. बॉलीवुड और टीवी के जाने माने चेहरा रहे यूसुफ हुसैन के निधन (Yusuf Hussain Death) की जानकारी देते हुए डायरेक्टर हंसल मेहता (Hansal Mehta) ने एक इमोशनल नोट के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी है. हंसल मेहता प्रोड्यूसर और एक्टर यूसुफ हुसैन के निधन से टूट गए हैं. उन्होंने भारी मन से यह दुखद जानकारी देते हुए एक इमोशनल नोट में लिखा है, ‘मैं आज सच में अनाथ हो गया हूं. अब जिंदगी भी पहले जैसी नहीं रहेगी.’ उन्होंने देर रात 3 बजे के बाद ये ट्वीट किया.
डायरेक्टर हंसल मेहता (Hansal Mehta) ने अपने पोस्ट के साथ यूसुफ हुसैन की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘मैंने शाहिद के 2 शेड्यूल पूरे कर लिए थे और लेकिन हम मुश्किलों में फंसे हुए थे. मैं बेहद परेशानी में था. फिल्ममेकर के तौर पर मेरा करियर खत्म होने को था. तभी वह आए और बोले मेरे पास एक फिक्स्ड डिपॉजिट है, अगर तुम्हारी परेशानी में वो पैसा काम नहीं आया तो वो मेरे भी किसी काम का नहीं.’

यूसुफ हुसैन को याद करते हुए उन्होंने आगे लिखा, ‘उन्होंने एक चेक पर साइन किया और शाहिद पूरी हो गई. ऐसे थे यूसुफ हुसैन. ‘हंसल मेहता ने आगे लिखा-‘सिर्फ मेरे ससुर नहीं आप मेरे पिता समान थे. अगर जिंदगी जिंदा होती तो वह शायद उन्हीं के रूप में होती. आज वह चले गए. ताकि स्वर्ग में सभी लड़कियों को ‘दुनिया की सबसे खूबसूरत लड़की’ और हर आदमी को ‘सबसे हसीन नौजवान’ बता सकें और आखिर में सिर्फ कहें ‘लव यू लव यू लव यू’. ‘
डायरेक्टर हंसल मेहता का ट्वीट.
हंसल मेहता ने आगे लिखा- ‘यूसुफ साहब मैं आपके इस नए जीवन का ऋणी हूं. मैं सच में आज अनाथ हो गया. अब जिंदगी पहले जैसी नहीं रहेगी. मैं बुरी तरह आपको याद करूंगा. मेरी उर्दू खराब ही रहेगी और हां- लव यू लव यू लव यू.’
आपको बता दें कि यूसुफ हुसैन की बेटी सफीना हुसैन की शादी हंसल मेहता से हुई है. यूसुफ हुसैन, हंसल मेहता के ससुर थे. यूसुफ साहब ने टीवी में सफल करियर के बाद साल 2002 में बॉलीवुड में फिल्म ‘अब के बरस’ से की थी. इसके बाद उन्होंने ‘रोड टू संगम’, ‘क्रेजी कुक्कड़ फैमिली’, ‘ब्लू ऑर्गन्स’, ‘खोया खोया चांद’, ‘धूम 2’, ‘ओ माई गॉड’, ‘कृष 3’, ‘विवाह’ जैसी फिल्मों में काम किया था. साल 2018 में वह पुष्पदीप भारद्वाज की ‘जलेबी’ में रिया चक्रवर्ती और वरुण मित्रा के साथ दिखाई दिए थे.



Leave a Reply