पटना. बिहार की सियासत से बड़ी खबर है. राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने हमारे सहयोगी चैनल न्यूज 18 से बात करते हुए बड़ा बयान दिया है. उन्होंने दावा किया है कि तारापुर और कुशेश्वरस्थान विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद बिहार की नीतीश सरकार को गिरा दिया जाएगा. प्रदेश में सरकार गिराने का फॉर्मूला भी तैयार कर लिया गया है. चुनाव परिणाम आते ही सरकार में भगदड़ मचा दिया जाएगा. फॉर्मूला पूछने पर लालू यादव ने कहा कि ये बाते टीवी पर नहीं बताई जाती. आरजेडी दोनों सीट पर जीत हासिल करेगी. लालू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार फ्रस्टेशन में चले गये हैं इसलिए कुछ-कुछ बोल रहे हैं. जेडीयू थेथरई कर रही है और इससे जीत नहीं मिलती है.
कांग्रेस से गठबंधन टूटने के सवाल पर लालू यादव ने कहा कि गठबंधन टूटने से कोई फर्क नहीं पड़ता है. कांग्रेस ने कुशेश्वरस्थान से अशोक राम के बेटे को टिकट दे दिया जो जीत नहीं सकते हैं. बीजेपी को आरजेडी ही हरा सकती है. कांग्रेस द्वारा आरजेडी द्वारा धोखा देने के बयान पर लालू यादव ने कहा कि कांग्रेस से उपचुनाव में करार ही कब हुआ था? कौन कहता है कि करार हुआ था?


लालू यादव ने कहा कि जब कोई समझौता हुआ ही नहीं तो टूटने का कोई सवाल नहीं है. सोनिया गांधी से बातचीत पर कांग्रेस के दावे पर लालू यादव ने कहा कि भक्त चरण दास को बता कर करेंगे क्या? भक्त चरण दस अपने नेता का सम्मान खराब कर रहे हैं.

बता दें कि शनिवार को तारापुर और कुशेश्वरस्थान में विधानभा उपचुनाव होने हैं. तारापुर में जदयू ने राजीव कुमार सिंह, राजद ने अरुण कुमार, कांग्रेस ने राजेश मिश्रा को चुनावी मैदान में उतारा है, ये सभी तारापुर विधानसभा क्षेत्र से ही आते हैं, जबकि लोजपा ने जमुई विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार पर अपना भरोसा जताया है.




Comment here