बिहार में मौसम बदल रहा है। अब हल्की हवा में भी ठंड का एहसास होगा। नदी, तालाब और अन्य खुले स्थानों के आस पास ठंड का एहसास अधिक होगा। पूर्वी हवा का प्रवाह धीरे-धीरे कम हो रहा है और पश्चिमी हवा के प्रवाह से ठंड होने लगेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, ट्रफ रेखा की तीव्रता कम होने से बिहार के सभी हिस्सों में मानसून शुष्क हो रहा है और इस कारण से ही हल्की हवा भी ठंड का एहसास करा रही है।
ऐसे बदल रहा है बिहार का मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि बिहार, झारखंड के ऊपरी हिस्से में सक्रिय ट्रफ रेखा की सक्रियता में कमी आई है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती हवा का प्रभाव देश के अपेक्षा बांग्लादेश में दिखाई दे रहा है, जिसके प्रभाव से 24 घंटे के दौरान राज्य का मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान 2 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। शुष्क मौसम के प्रभाव से इसका असर बिहार के सभी क्षेत्रों में दिखाई देगा, जिससे सुबह-शाम मौसम सर्द बना रहेगा।


बिहार में कहा क्या होगा मौसम का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, शुष्क मौसम की वजह से हवा का सर्कुलेशन बिहार के सभी हिस्से में सामान्य रुप से दिखाई देगा। इस दौरान आर्द्रता भी 70 से 85% के बीच रहेगी, जिससे नदी, तालाब, खुले स्थानों पर अधिक ठंड का एहसास सामान्य स्थानों की अपेक्षा अधिक होगा। बिहार के सभी हिस्से में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है। तापमान में गिरावट की ये स्थिति लगातार बनी रहेगी।

पटना में हवा से ठंड का एहसास
पटना में भी सुबह शाम तापमान में गिरावट के कारण हवाएं ठंड का एहसास करा रही हैं। गंगा का किनारा होने से शाम को हवाएं ठंडक दे रही हैं। नदी के आस पास वाले खुले इलाके में ठंड का असर कुछ अधिक दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। पूर्वी हवा के प्रवाह में कमी के बाद पश्चिमी हवा के प्रवाह से ठंड की स्थिति बनेगी। इस दौरान सुबह शाम चलने वाली हवाओं से ठंड का एहसास हो रहा है। हालांकि, पटना में भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है। रविवार को भी धूप के बाद शाम को मौसम थोड़ा ठड रहेगा।




Comment here