BIHARBreaking NewsSTATE

सीतामढ़ी के पुपरी और बाजपट्टी में वोटिंग कल

सीतामढ़ी में पंचायत चुनाव के पांचवें चरण में पुपरी और बाजपट्टी प्रखंड में कल रविवार को सुबह 7 बजे से 5 बजे तक मतदान होगा। इसको लेकर बाजपट्टी में 275 और पुपरी में 163 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दोनों प्रखंडों के कुल 3859 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला रविवार को होगा। दोनों प्रखंडों में कुल 2,43,293 मतदाता हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह सुनील कुमार यादव ने बताया कि मतदान को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। मतदान कर्मियों का योगदान लिया जा चुका है। पुपरी और बाजपट्टी के सभी पंचायतों के लिये ईवीएम मशीन एवं बैलेट पेपर सहित सभी मतदान सामग्री का डिस्पैच हो गया है।

बाजपट्टी में दो वार्ड सदस्य और 60 पंच का निर्विरोध हुए निर्वाचित, 3 पर नहीं हुआ नामांकन

बाजपट्टी प्रखंड में दो वार्ड सदस्य सहित 60 पंच निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इस संबंध में बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची अधिकारी संजीत कुमार ने बताया कि पंचायत आम चुनाव-2021 के दौरान बाजपट्टी प्रखंड क्षेत्र में वार्ड सदस्य और ग्राम कचहरी सदस्य के 258 पदों पर होने वाले चुनाव में दो वार्ड सदस्य तथा 60 पंच सदस्य के पदों पर सिर्फ एक ही प्रत्याशी के खड़े होने के कारण इन सभी का निर्विरोध चुना जाना तय है।

तीन ग्राम कचहरी के पद पर एक भी नामांकन नही किया गया है। प्रखंड क्षेत्र के बेलहिया पंचायत के वार्ड नंबर 10 तथा बाजपट्टी पंचायत के वार्ड नंबर 10 में वार्ड सदस्य पद के लिए एकल नामांकन प्रपत्र दाखिल किए जाने से दोनों पद पर प्रत्याशी का निर्विरोध चुना जाना तय है। वहीं इन सभी को पांचवें चरण के होने वाले मतगणना के बाद निर्विरोध चुने गए अभ्यर्थियों को भी प्रमाणपत्र दिया जाएगा।

चुनाव के दौरान अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों पर प्राथमिकी का निर्देश

पुपरी और बाजपट्टी प्रखंड में लोकतंत्र के महापर्व की सभी प्रशासनिक तैयारी हो चुकी है। रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम सुनील कुमार यादव ने पंचायत निर्वाचन के पांचवें चरण के तहत रविवार को होने वाले मतदान को लेकर समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में जोनल, सुपर जोनल और वरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

डीएम ने कड़ी चेतावनी देते हुए निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य मे अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के विरुद्ध पंचायती राज अधिनियम 2006 के धारा 130 के तहत प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश जारी किया। इस दौरान डीएम ने कहा कि जिले में द्वितीय, तृतीय और चौथे चरण के तहत हो चुके चुनाव में अनुपस्थित कर्मियों को भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध बीडीओ को प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.