Breaking News

पीएम मोदी के जन्मदिन पर रिकॉर्ड वैक्सीनेशन, लगाई गई 2 करोड़ से ज्यादा डोज़

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के जन्मदिन के मौके पर कोरोना वैक्सीनेशन (Corona Vaccination) का नया रिकॉर्ड बना है. शाम पांच बजे तक देशभर में 2 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज़ लगाई जा चुकी है. पीएम मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी ने दो करोड़ वैक्सीन की डोज़ लगाने का लक्ष्य रखा था. इस मौके पर वैक्‍सीनेशन प्रोग्राम की रफ्तार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हर सेकेंड 527 से ज्‍यादा डोज लगाई गई है. हर घंटे 19 लाख से ज्‍यादा डोज दी गई है.

को-विन पोस्ट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शाम पांच बजकर 10 मिनट तक देशभर में कुल 2,00,41,136 टीकों की खुराक दी गई. देश में अब तक कुल 78.68 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं. एक महीने से भी कम समय में चौथी बार एक दिन में एक करोड़ से अधिक टीके लगाए गए. इससे पहले, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि देश ने अब तक सबसे तेज एक करोड़ (कोविड रोधी टीके की) खुराक देने का आंकड़ा पार कर लिया है

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर देश ने दोपहर 1:30 बजे तक अब तक सबसे तेज, एक करोड़ खुराक देने का आंकड़ा पार कर लिया है और हम निरंतर आगे बढ़ रहे है. मुझे विश्वास है कि आज हम सब टीकाकरण का नया कीर्तिमान बना प्रधानमंत्री जी को उपहार देंगे.’’ देश में छह सितंबर, 31 अगस्त, 27 अगस्त को एक करोड़ से अधिक खुराकें दी गई थीं. मांडविया ने बृहस्पतिवार को कहा था कि जिन्होंने टीके की खुराक नहीं ली है, ऐसे अपनों को, परिजनों को और समाज के सभी तबकों को शुक्रवार को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर टीका लगवाकर, उनको जन्मदिन का उपहार दिया जाए

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देश भर में अपनी इकाइयों से प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों का टीकाकरण कराने में मदद करने को कहा है.

मंत्रालय के मुताबिक भारत को टीकाकरण के 10 करोड़ आंकड़े तक पहुंचने में 85 दिन लगे. इसके बाद अगले 45 दिन में 20 करोड़ तथा इसके 29 दिन बाद 30 करोड़ के आंकड़े पर देश पहुंचा था. वहीं 30 करोड़ से 40 करोड़ के आंकड़े तक पहुंचने में 24 दिन लगे और इसके 20 दिन बाद छह अगस्त को 50 करोड़ के आंकड़े पर पहुंच गए. इसके 19 दिन बाद देश ने 60 करोड़ आंकड़े का तथा इसके महज 13 दिनों बाद 70 करोड़ आंकड़े का लक्ष्य हासिल किया. मंत्रालय के मुताबिक 13 सितंबर को देश ने टीकाकरण के 75 करोड़ के आंकड़े को पार कर लिया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.