टीका लेने के लिए जिले में सोमवार काे सदर अस्पताल समेत 100 केंद्रों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सदर अस्पताल में सुबह से ही सैकड़ाें लोग कतार में लगे रहे। इस दौरान दोपहर में झमाझम बारिश होने लगी। बारिश में भींगकर भी महिलाएं कतार में लगी रहीं। कई लोग कतार तोड़कर आधार वेरीफिकेशन कराने लगे। इस पर सुबह से कतार में लगे लोगों ने विरोध जताया। ओपीडी में आधार वेरीफिकेशन व दवा वितरण एक जगह होने से मरीज व टीका के लिए कतार में लगे लोग आपस में ही भिड़ गए। सुरक्षाकर्मियों ने समझा-बुझा कर शांत कराया। सोना देवी ने बताया कि वह अपने 5 वर्षीय बेटे को बुखार होने पर दिखाने के लिए आयी थी।


डॉक्टर से दिखाने के बाद काउंटर पर दवा लेने पहुंची तो काेराेना टीका के लिए लाइन में लगे लोग बहस करने लगे। लोगों के हंगामे के कारण बिना दवा लिए जा रही हूं। उधर, सोमवार को जिले के 100 केंद्रों पर 21 हजार 10 लोगों का काेराेना टीकाकरणा किया गया। इनमें 15456 ने पहला व 5554 ने दूसरा डोज लिया। जिले को रविवार की देर रात काेराेना टीका का 26 हजार डोज मिला था। उसमें से 21 हजार 10 डोज समाप्त हो गया है। जिले के विभिन्न पीएचसी में मात्र 4990 डोज कोविशील्ड बचा हुआ है। सीएस ने बताया कि मंगलवार को मुख्यालय से वैक्सीन मिलने की उम्मीद है।






Comment here