BIHARBreaking NewsSTATE

पटना में शातिरों को पहनाया जूता-चप्पल का माला, जानें मामला..

राजधानी में भीड़ ने रंगे हाथ दो शातिरों को पकड़ा और उनके साथ फैसला ऑन द स्पॉट कर दिया। भीड़ ने पकड़े गए दोनों शातिरों की जमकर पिटाई की। भीड़ ने उनके कपड़े तक फाड़ दिए। इसके बाद भी भीड़ का मन नहीं भरा तो लोगों ने जूता और चप्पल की माला बनाकर दोनों को पहनाया और पूरे इलाके में घूमाया। काफी देर तक पटना की सड़क पर यह सब चलता रहा। मगर, पुलिस को न तो इस बात की जानकारी हुई और न ही किसी ने सूचना देना उचित समझा।

दरअसल, यह पूरा मामला पटना के पीरबहोर थाना के तहत अशोक राजपथ का है। इस इलाके में अबु फर्करूद्दीन प्लाजा है। इसके पास में एक साथ कई बाइक लगी हुई थी। उसी बीच में एक बुलेट भी खड़ी थी। लगी हुई बाइकों के पास काफी देर से दो युवक घूम रहे थे। उनकी नजर वहां खड़ी बुलेट पर थी। दोनों युवकों ने मौका मिलते ही बुलेट पर हाथ साफ करने की कोशिश की। बुलेट चोरी करने के प्रयास के दौरान ही कुछ लोगों ने रंगे हाथ दोनों शातिरों को देख लिया।

इस बात का अहसास होते ही बुलेट छोड़कर भाग रहे दोनों युवकों को मौके पर मौजूद लोगों ने धर दबोचा। इसके बाद भीड़ ने दोनों की काफी देर तक पिटाई की। पिटते-पिटते दोनों के कपड़ों को फाड़ डाला। फिर जूता और चप्पल की माला बनाकर दोनों के गले में लटका दिया। भीड़ में शामिल लोग इन्हें इलाके में घूमाते रहे। काफी देर तक पटना के भीड़भाड़ वाले इलाके में रोड पर तमाशा चलता रहा। लेकिन, पीरबहोर थाने की पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। वहीं, भीड़ में शामिल लोगों ने खुद से अपने हाथों में कानून को ले लिया पर किसी ने पुलिस को इसकी सूचना तक नहीं दी। भास्कर ने जब इस मामले में पुलिस से बात की तब उन्हें इस घटना की जानकारी हुई। अब पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.