BIHARBreaking NewsSTATE

पिता को मिले बंगले से बाहर होंगे चिराग पासवान:31 साल पहले रामविलास पासवान को आवंटित बंगले में अब रहेंगे रेल मंत्री, दिल्ली LJP का पता भी बदलेगा

पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत रामविलास पासवान का दिल्ली में 12 जनपथ स्थित सरकारी बंगला अब रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को आवंटित कर दिया गया है। दिवंगत पासवान को 31 साल पहले यह बंगला आवंटित किया गया था। उनके बेटे चिराग भी अपनी मां के साथ रहते हैं। शहरी विकास एवं आवास मंत्रालय के अधीन संपदा निदेशालय ने 14 जुलाई को चिराग पासवान को इस बंगले को खाली करने का नोटिस भेजा था। हालांकि, चिराग पासवान ने केंद्र सरकार से रामविलास पासवान की पहली पुण्यतिथि तक बंगले में रहने की इजाजत मांगी थी। अब उन्हें बंगला खाली करने का नोटिस जारी कर किया गया है।

दिल्ली में 12 जनपथ का ये बंगला लुटियन जोन में बने सरकारी बंगलों में सबसे बड़े बंगलों में से एक है। यह बंगला दिल्ली में LJP का आधिकारिक कार्यालय भी है। LJP पर हक के लिए लड़ रहे चाचा-भतीजा में अभी यह तय नहीं हो पाया कि पार्टी के असली राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन हैं? सूचना के मुताबिक, पहले 12 जनपथ का बंगला चिराग के चाचा और केंद्र सरकार में नए मंत्री बने पशुपति पारस को आवंटित किया जा रहा था, लेकिन उन्होंने इसे लेने इनकार कर दिया। उनका मानना है कि इससे बिहार की सियासत में गलत मैसेज जाएगा।

पिछले साल 8 अक्टूबर को रामविलास का हुआ था निधन

पशुपति पारस को पूर्व सांसद शरद यादव के बंगले को आवंटित किया गया है। अब उनका दिल्ली में नया पता 7, तुगलक रोड होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का लंबी बीमारी के बाद 8 अक्टूबर 2020 को निधन हो गया था। वह अपने राजनीतिक सफर में केंद्र की राजनीति में हमेशा बने रहे थे। पहली बार उन्‍होंने 1969 में विधानसभा चुनाव जीता था। पहली बार जनता पार्टी के टिकट पर 1977 में हाजीपुर संसदीय सीट से जीत दर्ज की थी।

इसके बाद 1980, 1989, 1996, 1998, 1999, 2004 और 2014 में चुनाव जीत कर नौ बार लोकसभा के सदस्य रहे थे। इसके अलावा दो बार राज्यसभा के सांसद भी रहे थे। उन्‍होंने देश के 6 प्रधानमंत्रियों के साथ काम किया। इसमें वी.पी. सिंह, एचडी देवेगौड़ा, इंद्र कुमार गुजराल, अटल बिहारी वाजपेयी, मनमोहन सिंह और नरेन्द्र मोदी शामिल हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.