BIHARBreaking NewsSTATE

भरोसे का दूसरा नाम हैं नीतीश, उपेंद्र कुशवाहा बोले- दूर करेंगे अफसरशाही को लेकर मिलीं शिकायतें

पटना. राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (Rashtriya Lok Samta Party) का जनता दल यूनाइटेड (Janata Dal United) में विलय करने वाले उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) इन दिनों बिहार दौरे पर हैं. जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा 4 जिलों का दौरा कर चुके हैं. इस दौरान उन्होंने संगठन से लेकर सरकार तक की योजनाओं का जायजा लिया है. उपेंद्र कुशवाहा ने पहले चरण की यात्रा पूरी करने के बाद कहा कि बिहार में अफसरशाही की शिकायतें मिल रही हैं और इस पर सरकार को सचेत होने की जरूरत है. उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि लोगों को आज भी नीतीश कुमार (Nitish Kumar) पर भरोसा है.

जेडीयू नेता उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि संगठन में थोड़ी बहुत कमी देखने को मिली है और इसे जल्द ही दूर कर लिया जाएगा. कोरोना महामारी के दौर में संगठन थोड़ा सुस्त नजर आया है, लेकिन इन सबके बावजूद नीतीश कुमार का नेतृत्व ऐसा है कि वह संगठन को मजबूत बनाए हुए हैं. उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि पंचायत स्तर और ग्रामीण इलाकों पर संगठन में काम करने वाले लोगों की भूमिका कैसे महत्वपूर्ण बनाई जाए – इसको लेकर प्रयास किया जाएगा.



उनकी यात्रा के दौरान पोस्टर में आरसीपी सिंह की तस्वीर नहीं होने के बाबत पर सवाल पूछे जाने पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यात्रा में पोस्टर बैनर के लिए कोई खास जगह नहीं थी. कुशवाहा ने कहा कि उनका मकसद बिहार दौरे पर संगठन की स्थिति को देखने के साथ सरकार की तरफ से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ कैसे आम लोगों तक पहुंच रहा है – इसका मूल्यांकन करना था. कुशवाहा 18 जुलाई को होने वाली प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे या नहीं, यह उन्होंने स्पष्ट नहीं किया है. कुशवाहा का कहना है कि उनका कार्यक्रम पहले से औरंगाबाद जिले में तय है, लिहाजा वह दोनों में से एक ही बैठक में शामिल हो सकते हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.