शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में बंद कांटी थाना क्षेत्र के किशुननगर गांव के अमन कुमार की पत्नी पूजा कुमारी ने एसकेएमसीएच में बच्चे को जन्म दिया है। आम्र्स एक्ट के मामले में वह पांच अप्रैल 2021 से जेल में बंद है। जेल में प्रवेश से पहले उसकी मेडिकल जांच कराई गई थी, तो गर्भवती होने की बात सामने आई थी। वह जेल के चिकित्सकों की निगरानी में थी।
बुधवार को उसकी तबीयत बिगड़ी और प्रसव पीड़ा हुई तो एसकेएमसीएच के महिला व प्रसव विभाग में उसे भर्ती कराया गया। गुरुवार दोपहर करीब 12.30 बजे उसने पुत्र को जन्म दिया। जेल अधीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि इसकी सूचना जेल आइजी मिथिलेश मिश्रा, जिलाधिकारी व महिला के स्वजनों को दी गई है।


जेल में खुशी का माहौल : बच्चे के जन्म की सूचना पर जेल में खुशी का माहौल है। जेल अधीक्षक ने बताया कि मैन्युअल के अनुसार नवजात की छठी पर जेल में विशेष आयोजन किया जाएगा। धार्मिक रीति-रिवाज से छठी पूजन कराया जाएगा। जच्चा व बच्चा को नए कपड़े दिए जाएंगे। सभी बंदियों के लिए भोज का आयोजन भी किया जाएगा। सभी कार्यक्रमों में कोरोना प्रोटोकाल का पालन किया जाएगा।

मां के साथ जेल में रह रहे 19 बच्चे : जेल में इस समय अपनी मां के साथ 19 बच्चे रह रहे हैं। इनके जन्मदिन पर जेल में विशेष आयोजन किया जाता है। गुरुवार को भी एक बच्चे का महिला वार्ड में जन्मदिन मनाया गया। सभी बच्चों को नए कपड़े दिए गए। केक काटकर चाकलेट बांटी गईं।



Leave a Reply