BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

मुजफ्फरपुर में जलजमाव से निजात दिलाने का वादा पूरा नहीं कर सके पार्षद

शहरी क्षेत्र में जलजमाव ने पिछले साल के जख्म को ताजा कर दिया है। लोगों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। शहर के अधिकतर मुहल्ले गंदे और बदबूदार पानी की मार झेल रहे हैं। पिछले एक महीने से हर रोज उनकी दुर्गति हो रही। लोगों का कहना है पिछले साल इसी तरह के जलजमाव ने विधानसभा चुनाव में तस्वीर बदल दी थी। कहीं ऐसा न हो कि आने वाले निकाय चुनाव में वही बात दोहराई जाए। निकाय चुनाव में शहर को जलजमाव से निजात दिलाने का वादा कर पार्षदों ने जीत हासिल की थी। चार साल बीत गए, लेकिन समस्या से निजात नहीं मिली। जगदीशपुरी इलाके के आधा दर्जन परिवार घर छोड़कर जा चुके हैं। कारण घर में नाले का पानी घुस गया है। उससे होकर मेढक और सांप घुस रहे हैं। मिठनपुरा एवं चर्च रोड के गली-मुहल्लों की स्थिति भी खराब है। अधिकतर गलियों में जलजमाव के कारण नारकीय स्थिति है। चर्च रोड में डा. रामचंद्र पूर्वे गली में रहने वाले दर्जनों परिवारों का घर से निकलना मुश्किल हो गया। गली नाली में तब्दील हो गई है। यही हाल रज्जू साह लेन और सर सीपीएन गली में भी है। केदारनाथ रोड मुहल्लावासी परेशान हैं। जलजमाव के साथ गंदगी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

केदारनाथ रोड निवासी राजू केशरी ने कहा कि केदारनाथ रोड को जलजमाव एवं गंदगी से मुक्त कराने का वादा किया गया था। नाला तो बना, लेकिन सड़क का निर्माण नहीं हुआ। हल्की बारिश होने पर मुहल्ले में नारकीय हालात पैदा हो जाते हैं। चुनाव में जनता इसका हिसाब लेगी।

डा. रामचंद्र पूर्वे गली के नवीन कुमार कहते हैं कि मुहल्लावासी नारकीय स्थिति झेल रहे हैं। इसकी ङ्क्षचता जनप्रतिनिधियों को नहीं है। चुनाव में जो वादे किए थे, वह पूरा नहीं हुआ। मुहल्लावासी कैसे रह रहे, कोई आकर देख सकता है। वहीं जाकरिया कॉलोनी तालाब बना हुआ है। मुहल्लावासी घरों में कैद हैं। जमा पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जनप्रतिनिधियों ने चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन उसका पालन नहीं किया। विश्वविद्यालय प्रेस कॉलोनी एक माह से बारिश के पानी में डूबी हुई है। मुहल्ले में 50 से अधिक परिवार हैं, जिनके घर में बारिश होते ही पानी प्रवेश कर जाता है। निगम कुछ नहीं कर पा रहा है। पार्षद, वार्ड 23 राकेश कुमार पप्पू कहते हैं कि वे लगातार निगम की बैठक में आवाज उठा रहे हैं। शहर से जलनिकासी से संबंधी निर्माण कार्य का जिम्मा बुडको को मिला है। वह तेजी से काम नहीं कर रहा है। इससे समस्या बनी हुई है। पार्षद, वार्ड 46 नंद कुमार प्रसाद साह ने कहा कि नगर निगम अपने हिस्से का काम कर रहा है। नालियों की उड़ाही भी हो रही है, लेकिन आउटलेट के अभाव में बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है। जलनिकासी योजना का काम बुडको के पास है। उसकी उदासीनता से जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।  

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.