पटना में कोरोना वैक्सीनेशन का अजीबोगरीब मामला सामने आया है. इसे लेकर डॉक्टर की भी परेशानी बढ़ गई है. यह मामला तो बुधवार का है, लेकिन आज शुक्रवार को भी इसे लेकर डॉक्टर टेंशन में हैं. यह वाकया पटना से सटे पुनपुन प्रखंड का है. महिला ने वैक्सीन की दोनों डोज ले ली. एक डोज कोवैक्सीन की तो दूसरी डोज कोविशील्ड की. यहां तो ठीक था, लेकिन महिला ने दोनों डोज एक ही दिन महज आधे घंट के अंतराल पर ले ली.
बताया जाता है कि पटना से सटे पुनपुन के अवधपुर निवासी रवींद्र महतो की 63 वर्षीया पत्नी सुनीला देवी प्रखंड के ही एक वैक्सीनेशन सेंटर पर पहुंची थी. एक ही कमरे में 18 से 44 वर्ष और 45 वर्ष से अधिक एजग्रुप के लोगों को अलग-अलग टेबल पर वैक्सीन दी जा रही थी. दोनों ही एजग्रुप के लोगों की अलग-अलग लाइन लगी हुई थी. इस महिला ने पहले एक लाइन में खड़ा होकर कोवैक्सीन की डोज लगवा ली. इसके थोड़ी देर के बाद वही महिला ने दूसरी लाइन में लगकर कोविशील्ड की डोज लगवा ली.
इसकी जानकारी जब महिला के घरवालों को हुई तो वे आक्रोशित हो गए. गुस्से में आकर वैक्सीनेशन सेंटर पर जबर्दस्त हंगामा किया. एक ही दिन दोनों डोज लिये जाने की जानकारी जब सेंटर पर मौजूद स्वास्थकर्मियों को हुई तो उनके भी होश फाख्ता हो गए. बाद में मौके पर मुखिया पति द्वारिक पासवान समेत अन्य लोग पहुंचे और लोगों को समझा-बुझा कर मामले को शांत कराया. बहरहाल, महिला के स्वास्थ्य को लेकर डॉक्टर भी टेंशन में हैं. उक्त महिला के स्वास्थ्य पर बारीक नजर रखी जा रही है. घरवालों को भी कह दिया गया है कि जैसे ही तबीयत पर इसका असर दिखे, वे लोग फौरन संपर्क करें.




Leave a Reply