पटना. चक्रवाती तूफान यास को लेकर कई तरह की आशंकाएं बिहार को लेकर ज़ाहिर की जा रही हैं. हालांकि पटना के मौसम विभाग ने जो नया अपडेट दिया है उसके अनुसार कई जिलों में बारिश तो होती रहेगी, लेकिन प्रदेश में जानमाल का अधिक नुकसान नहीं होगा. मौसमव विज्ञान केंद्र पटना के डायरेक्टर विवेक सिन्हा ने प्रेस वार्ता कर बिहार के लोगों की चिंता कुछ हद तक इस बात से दूर कर दिया है कि बिहार में ज़ोरदार चक्रवाती तूफान चलेगा और जबरदस्त बारिश होगी. उन्होंने इस आशंका को तो दूर करते हुए कहा कि फिलहाल ऐसी सम्भावना नही हैं. बावजूद इसके ये जरूर आशंका है कि अगले 48 घंटे तक बिहार के कई जिलों में जोरदार बारिश हो सकती है जिससे नदी वाले इलाकों में समस्या बढ़ सकती है.
विवेक सिन्हा ने कहा कि यास चक्रवातीय तूफान कमजोर पड़ा है, यह और कमजोर पड़ता हुआ कल दोपहर बाद बिहार और यूपी तक रहेगा. ये तूफान 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे से आगे बढ़ रहा है. इसकी वजह से बिहार में अगले 48 घंटे तक मध्यम या हल्के बारिश होती रहेगी, लेकिन बहुत तेज हवाएं नहीं चलेंगी और मूसलाधार बारिश भी नहीं होगी.
मौसम विभाग के अनुसार हवा चलने की अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक नहीं होगी. अगले 70 घंटे तक बिहार में बादल बने रहेंगे और कई इलाकों में बारिश होती रहेगी. इस वजह से लो लैंड वाले इलाकों में जलजमाव और बाढ़ जैसे हालात का खतरा बना हुआ. मौसम विभाग के डायरेक्टर ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.
उन्होंने कहा कि उड़ीसा और तटीय इलाके वाली स्थिति बिहार में नहीं दिखेगी. बिहार के पूर्वी भाग और दक्षिणी भाग के जिलों में अगले 48 घंटे तक तेज बारिश होगी.बिहार में धीमी बारिश लंबे समय तक होगी. लंबे-लंबे स्पेल तक बारिश होगी और 12 से 14 घंटे तक धीमी बारिश होती रहेगी. अगले 24 घण्टे में 60 MM बारिश होने की संभावना है. बता दें कि फिलहाल बिहार के कई इलाकों में बारिश हो रही है और हवाएं भी चल रही हैं, लेकिन इसकी रफ़्तार कम है.




Leave a Reply