BIHARBreaking NewsMOTIHARISTATE

मोतिहारी : टीकाकरण के एक दिन पूर्व अभियान चलाकर लोगों को करें जागरूक

-प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कोविड अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

  • महादलित टोलों व बाढ़ग्रस्त क्षेत्र के लोगों का हो टीकाकरण

मोतिहारी, 27 मई।

अनुमंडलीय अस्पताल पकड़ीदयाल,पूर्वी चम्पारण का प्रखण्ड विकास पदाधिकारी मीनू कुमारी द्वारा निरीक्षण के बाद सभागार कक्ष में बैठक की गई । जिसकी अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी मीनू कुमारी एवम डॉ राजीव कुमार उपाधीक्षक अनुमंडल अस्पताल ने की । बैठक में बीडीओ द्वारा टीकाकरण केन्द्र पर कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने व साफ- सफाई रखने का निर्देश दिया गया । बैठक का आयोजन मुख्य रूप से आरबीएसके चलंत टीम के द्वारा टीकाकरण पर चर्चा के साथ बाढ़ग्रस्त, दलित/महादलित क्षेत्रों के लोगों का लक्ष्य के अनुरूप टीकाकरण कराने के उद्देश्य से किया गया ।
गांव में जागरूकता अभियान चलाकर टीकाकरण के लिए लोगों को जागरूक किया जाए-
इस बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा शिक्षा विभाग, जीविका एवं आईसीडीएस विभाग को निर्देशित किया गया कि टीकाकरण के 1 दिन पूर्व गांव में जागरूकता अभियान चलाकर टीकाकरण के लिए लोगों को जागरूक किया जाए। उसके बाद व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सभी विभाग टीकाकरण कार्य के 1 दिन पूर्व सूची भेजना सुनिश्चित करें । ताकि आरबीएसके टीम जब टीकाकरण के लिए पहुंचे तो वहां के ग्रामीणों को पता हो और टीकाकरण का लक्ष्य हासिल हो सके। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने अस्पताल के निरीक्षण के दौरान केयर इंडिया के द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण पर चर्चा की।

कोविड19 के भर्ती मरीजों से मिलकर उनकी वस्तु स्थिति की जानकारी ली-
उसके बाद कोविड19 के भर्ती मरीजों से मिलकर उनकी वस्तु स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से अस्पताल प्रशासन के द्वारा दिए जा रहे सेवा की जानकारी ली। साथ ही कोविड मरीजों की सेवा में कोई दिक्कत न होने की हिदायत देते हुए कहा कि ऑक्सीजन,आवश्यक दवाओं, एम्बुलेंस की हर समय उपलब्धता होनी चाहिए । बीएलओ द्वारा भी लोगों को जागरूक कर टीकाकरण के लिए सेंटर पर लाने हेतु निर्देश दिए । उन्होंने कहा होम आइसोलेशन में रहने वाले व्यक्तियों के स्वास्थ्य की निगरानी एचआईटी एप से करते हुए टेंपरेचर एवं ऑक्सीजन लेवल के डेटा की एंट्री की जाए। यदि ऑक्सीजन लेवल 93 से कम होता है उसे डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर में शिफ्ट किया जाए। होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों को मेडिकल किट मिले यह सुनिश्चित किया जाए। कंट्रोल रूम से लगातार होम आइसोलेशन में रहने वाले लोगों की जानकारी प्राप्त की जाए।

15 दिनों के विशेष टीकाकरण का लक्ष्य :
प्रखंड प्रबंधक केयर इंडिया के सतीश कुमार सिंह ने बताया आरबीएसके टीम द्वारा 15 दिनों की विशेष योजना बनायी गई है। ताकि बाढ़ग्रस्त गांव, दलित बस्ती और महादलित बस्ती में कोविड 19 टीकाकरण का लक्ष्य हासिल हो सके। प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा बैठक में शामिल सदस्यों को यह निर्देश दिया गया कि कोविड-19 टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जानी चाहिए । बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी राजीव कुमार, केयर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक सतीश कुमार सिंह, केयर इंडिया प्रखंड प्रबंधक अवनीश कुमार, महिला पर्यवेक्षिका पिंकी कुमारी, प्रखंड कम्युनिटी मोबिलाइजेशन अनिल कुमार मंडल ,अतुल कुमार श्रीवास्तव ,शिक्षा विभाग से रवि कुमार ,जीविका से रविंद्रकुमार ,कुमार अरुण, आरबीएसके के डॉ पुरुषोत्तम कुमार उपस्थित थे l
कोविड से बचने के लिए इन बातों का ध्यान रखें ।
• यथासंभव घर में रहने का प्रयास करें, अतिआवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।
• मास्क का उपयोग करें।
• भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें।
• दो व्यक्तियों के बीच दो गज की दूरी जरूर रखें।
• निश्चित अंतराल पर अपना हाथ साबुन से धोते रहें।
• राज्य के बाहर से आए व्यक्ति कोविड 19 जांच नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में अवश्य कराएं।
• सतर्क रहें, स्वयं को और अपने परिवारजनों को सुरक्षित रखें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.