कोरोना महामारी के दौर में ऑक्सीजन सिलेंडर लेने और साथ ही खाली पड़े सिलेंडर भरने के लिए लोगों को भाग-दौड़ करनी पड़ रही है। वैसे हालात में पटना वासियों को ऑक्सीजन की कमी ना हो, पटना साहिब तख्त श्रीहरमंदिर साहिब गुरुद्वारा की ओर से इसका ख्याल रखा गया है। इसके लिए नि:शुल्क ऑक्सीजन कैंप की शुरुआत पटना सिटी के कंगन घाट पर की गई है। यहां खाली सिलेंडर ले जाकर ऑक्सीजन भरा सकते हैं।
तख़्त साहिब प्रबंधक कमेटी के महासचिव सरदार महिंदर पाल सिंह ढिल्लन ने बताया कि शहर में बढ़ते महामारी और ऑक्सीजन की कालाबाजारी को रोकने के लिए यह फैसला लिया गया है। हर जरूरतमंद को मुफ्त में ऑक्सीजन दिया जाएगा।
तख़्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रंजीत सिंह गौहर ने बताया कि सुबह 8 बजे से लेकर रात 8 बजे तक कंगन घाट पर मुफ्त ऑक्सीजन देने का प्रबंध किया गया है। साथ ही जरूरतमंदों के लिए लंगर का भी प्रबंध है।
वरीय समाजसेवी आनंद मोहन झा ने बताया कि तख़्त साहिब का यह फैसला जनमानस के लिए बेहतर साबित होगा। इससे जनमानस का भला होगा और खास कर पटना साहिब के लोगों को ऑक्सीजन के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
इस आपदा में हर कोई बढ़ चढ़कर लोगों की सेवा कर रहा है। धार्मिक संगठनों की तरफ इस तरह की व्यवस्था काबिले तारीफ है। पटना साहिब की तरफ से लगातार जरूरतमंदों को लंगर में भोजन तो कराया ही जा रहा है, अब मुफ्त ऑक्सीजन देकर लोगों की सांसें बचाने की कोशिश की जा रही है।




Leave a Reply