काेराेना के बढ़ते संक्रमण के बीच रविवार काे जब 18 से 44 वर्ष के लाेगाें के लिए टीकाकरण अभियान शुरू हुआ ताे सभी केंद्राें पर सुबह से भीड़ उमड़ पड़ी। सदर अस्पताल, रेडक्राॅस के साथ शहरी क्षेत्र के सभी चार यूपीएचसी व 16 प्रखंड मुख्यालयाें के टीकाकरण केंद्र पर देर शाम तक 2398 लाेगाें काे टीका दिया गया। हालांकि, रेडक्रॉस सेंटर पर टीका लेने के लिए आए लोगों को काफी इंतजार करना पड़ा।
टीकाकरण केंद्र पर बैठने के लिए जगह नहीं होने से लोगों को धूप में घंटाें इंतजार करना पड़ा। इससे आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया। रेडक्रॉस से लेकर सदर अस्पताल टीकाकरण केंद्र पर युवाओं से अधिक युवतियों ने कतार लगा कर टीका लिया। इसके अतिरिक्त एसकेएमसीएच में भी 200 लाेगाें काे टीका दिया गया। अगले दाे दिनाें के लिए जारी स्लाॅट रविवार काे कुछ ही मिनट में बुक हाे गए। बताया गया है कि दूसरे जिले के लाेग भी यहां का स्लाॅट बुक करा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द उन्हें टीका लगे।
पटना के लोग यहां करा रहे बुकिंग
पटना के तीन युवाओं काे रविवार काे स्लाॅट बुक कराने पर मुजफ्फरपुर के मीनापुर में मंगलवार काे 10 से 12 बजे का समय दिया गया। सिविल सर्जन डाॅ. एसके चाैधरी ने कहा, जल्द टीकाकरण का लक्ष्य बढ़ाया जाएगा। अधिक से अधिक स्थानाें पर टीकाकरण की व्यवस्था हाे रही है। फिलहाल, अगले दाे दिनाें 9200 लाेगाें काे टीका देने के लिए स्लाॅट बुक हैं। इधर, स्वास्थ्य विभाग की रिपाेर्ट में कहा गया है कि 45 केंद्रों पर 9000 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित था, लेकिन रविवार को मात्र 4398 लोगों को ही टीका दिया गया। 60 फ्रंटलाइन वाॅरियर्स ने पहला एवं 38 ने दूसरा डोज लिया। इसी तरह पहले दिन 18 से 44 वर्ष के 3604 लाेगाें ने पहला डोज, जबकि 45 से अधिक उम्र के 229 ने पहला व 465 ने दूसरा डोज लिया।






Leave a Reply