ESIC बिहटा में आज से 100 बेड का कोविड अस्पताल शुरू हो जाएगा। पहले चरण में छठी मंजिल पर शुरू हो रहे इस सेंटर में सभी बेड पर ऑक्सीजन उपलब्ध होगा। जल्द ही 25 बेड की ICU भी चालू हो जाएगी। सेना के दो फील्ड हॉस्पिटल की मेडिकल टीम ने शुक्रवार को बिहटा पहुंच अस्पताल को टेकओवर कर लिया है। बिहटा पहुंची मेडिकल टीम में 15 डॉक्टर और 50 नर्सिंग स्टाफ शामिल हैं।
जल्द आएगी 85 और डॉक्टरों की टीम
जल्द ही सेना के करीब 85 डॉक्टराें की टीम भी बिहटा पहुंचेगी। इसके बाद दो और चरणों में ICU सहित बेड की संख्या बढ़ाई जाएगी। वहीं सातवीं मंजिल पर राज्य सरकार द्वारा चलाया जा रहा 100 बेड का कोविड केयर सेंटर पूर्ववत चलता रहेगा, जिसमें सामान्य कोरोना मरीजों का इलाज होगा। समन्वय स्थापित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा नियुक्त आईएएस अधिकारी कुमार रवि ने बताया कि एम्बुलेंस, ऑक्सीजन, दवाएं, हाउसकीपिंग और सुरक्षा व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा है।
ब्रिगेडियर रैंक के अधिकारी बने इंचार्ज
सेना द्वारा अस्पताल सेटअप करने तथा अन्य सभी इंतजामों पर बारीकी से नजर रखने के लिए OTA गया के ब्रिगेडियर रैंक के एक अधिकारी को अस्पताल का इंचार्ज बनाया गया है। उनके साथ ही OTA के तीन अन्य अधिकारी भी बिहटा पहुंच गए हैं।
जिला प्रशासन ने बनाया कंट्रोल रूम, दंडाधिकारी तैनात
ESIC में शुरू हुए कोरोना अस्पताल के बेहतर संचालन के लिए पटना जिला प्रशासन ने तीन शिफ्ट में 24 घंटे चलने वाला कंट्रोल स्थापित किया है। वरीय उप समाहर्ता अशोक कुमार तिवारी को वरीय दंडाधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। हर शिफ्ट के लिए अलग अलग दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। एक शिफ्ट में एक दंडाधिकारी, एक चिकित्सक एवं एक स्वास्थ प्रबंधक होंगे।
पटना हाईकोर्ट भी लगातार कर रहा मॉनिटरिंग
ESIC बिहटा को पूरी तरह चालू कराने का निर्देश पटना हाईकोर्ट भी कई बार दे चुका है। कोर्ट भी लगातार इस अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने की मॉनिटरिंग कर रहा है। कोर्ट ने बीते सोमवार तक ही कोविड मरीजों के लिए 150 बेड और उसी अनुपात में निर्बाध ऑक्सीजन आपूर्ति शुरू कराने को कहा था। लैबोरेटरी व दवाखाने को भी अगले हफ्ते तक शुरू करने का निर्देश दिया था। पिछले साल अगस्त में सेना की मदद से यहां 500 बेड का अस्पताल शुरू किया गया था।




Comment here