BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार : ब्लैक में ऑक्सीजन खरीद रहीं एंबुलेंस एजेंसियां, 2 का दाम लेकर दिया जा रहा मात्र 1 ऑक्सीजन सिलेंडर

अब एंबुलेंस में भी ऑक्सीजन की समस्या आ रही है। एजेंसियां दो का दाम देकर एक सिलेंडर ले रही हैं। यह चौंकाने वाला खुलासा एंबुलेंस चलाने वाली एजेंसियों ने किया है। DM के साथ हुई प्रतिनिधियों की बैठक में हुए इस खुलासे के बाद हड़कंप मच गया है। DM डॉ चंद्रशेखर सिंह ने आदेश दिया है कि एंबुलेंस चालकों का शोषण नहीं हो और इनके लिए व्यवस्था की जाए। कहीं से कोई बाधा बने तो उसके खिलाफ का:र्रवाई की जाए।

बैठक में एजेंसियों ने कर दिया खुलासा

DM डॉ चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में एंबुलेंस एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने जब अपनी पीड़ा बताई तो प्रशासन की पोल खुल गई। समीक्षा में पाया गया कि निजी एंबुलेंस एजेंसियों के साथ मनमानी हो रही है। जिन एजेंसियों के एंबुलेंस चलते हैं, उसमें से कुल 19 एजेंसी शामिल हुई। इन एजेंसियों द्वारा जिला स्तर पर अनुमंडल स्तर पर एवं प्रखण्ड स्तर पर एंबुलेंस ऑपरेट कराते हैं एवं अन्य जिलों को भी सेवा उपलब्ध कराते हैं। DM ने अनुराेध किया है कि कोरोना काल में एंबुलेंस लोगों की मदद के लिए एक्टिव रहे।

एंबुलेंस के खिलाफ मिल रही शि’कायतें

DM ने कहा कि कुछ एंबुलेंस संचालकों के विरूद्ध शिकायतें मिल रही हैं। जिसमें मनमाना किराया वसूलने के साथ अन्य आरोप शामिल है। इस पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया और उचित किराया निर्धारित कर उसे प्रदर्शित करने का भी निर्देश दिया गया है।

एंबुलेंस संचालकों ने खोला मुंह

DM की तरफ से जब एंबुलेंस संचालकों से अपना पक्ष रखने काे कहा गया तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। उन्होंने कहा कोरोना के कारण जोखिम बढ़ गया है । एंबुलेंस चालक जाने से कतराते हैं और उन्हें अधिक पैसे का भुगतान करना पड़ता है PPE किट, ग्लव्स, मास्क, फेस शिल्ड आदि कोविड सुरक्षा के उपकरण भी उपलब्ध कराया जाता है। इनके साथ मरीजों को पहुंचाने के बाद एंबुलेंस को सेनेटाइज करना पड़ता है, उसमें भी खर्च आता है। कई बार एंबुलेंस एक अस्पताल के लिए बुकिंग की जाती है लेकिन उसमें बेड नहीं मिलने के बाद कई दूसरे अस्पतालों तक जाना पड़ता है। इस प्रकार बुकिंग होने के बाद 4 से 5 घंटा तक एंबुलेंस फंसी रह जाती है, जिसके कारण उसकी लागत बढ़ जाती है। ऑक्सीजन युक्त एंबुलेंस में ऑक्सीजन की उपलब्धता की समस्या हो रही है, कई बार दोगुनी कीमत देने पर ऑक्सीजन मिल पाता है ।

एंबुलेंस एजेंसियों की मांग पर डीएम का निर्देश

एंबुलेंस एजेंसियों की मांग के बाद डीएम ने निर्देश दिया है कि सभी एम्बुलेंस चालकों को उचित दर, जिसमें एसी एम्बुलेंस, नन एसी एम्बुलेंस तथा ऑक्सीजन युक्त एम्बुलेंस, ऑक्सीजन के बिना एम्बुलेंस का दर शामिल हो, 24 घंटे के अंदर उपलब्ध कराया जाए। इसकी समीक्षा करके एक उचित दर की अनुशंसा करने के लिए अपर समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के स्तर पर समिति का गठन किया गया ।

एंबुलेंस चालकों को दी जाएगी वैक्सीन

एंबुलेंस चालकों को वैक्सिन देने की मांग की गई, ताकि संक्रमण के जोखिम को कम किया जा सके और वह ज्यादा आत्मविश्वास के साथ काम कर सकें । इस संबंध में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि निजी एंबुलेंस चालकों की सूची बनाकर सभी चालकों का वैक्सीनेशन कराना सुनिश्चित करेंगे तथा एम्बुलेंस चालकों को भी हेल्थ वर्कर के रूप में माना जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.