Breaking NewsNational

ऑक्‍सीजन की कमी होगी दूर, पीएम केयर्स फंड से देशभर के 551 जिला अस्पतालों में लगाए जाएंगे ऑक्‍सीजन प्‍लांट

नई दिल्‍ली. देश में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच ऑक्‍सीजन को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. देश की मौजूदा स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम केयर फंड से देश भर में 551 प्रेशर स्विंग अब्सॉर्प्शन (पीएसए) ऑक्सीजन संयंत्र लगाने का फैसला किया है.

प्रधानमंत्री मोदी ने निर्देश दिया है कि जल्द से जल्द इन प्लांट्स को शुरू किया जाए. इनसे देश में जिला स्तर पर आक्सीजन की उपलब्धता बढ़ाई जा सके. ये प्लांट्स अलग अलग राज्यों के जिला मुख्यालयों के सरकारी अस्पतालों में लगाए जाएंगे. इन प्लांट्स के चालू होने के बाद इन अस्पतालों में ही आक्सीजन पैदा करने की क्षमता बढ़ जाएगी.

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले कोलावड़ा के एक आयुर्वेदिक अस्पताल में 280 लीटर प्रति मिनट की क्षमता वाले प्रेशर स्विंग अब्सॉर्प्शन (पीएसए) ऑक्सीजन संयंत्र का उद्घाटन किया. अस्पताल में कोविड-19 केंद्र बनाया गया है. गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल भी इस मौके पर उपस्थित थे.

शाह ने कहा कि पीएम केयर कोष से ऑक्सीजन उपलब्ध कराने की योजना के तहत केंद्र सरकार ने गुजरात में 11 नए पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र लगाने की स्वीकृति दी है. उन्होंने कहा कि इस कोष के जरिये देश भर में ऐसे सैकड़ों संयंत्र स्थापित किये जाएंगे.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.