Breaking NewsDELHI

आज का मौसम, 27 फरवरी: पश्चिमी विक्षोभ का असर, कई राज्यों में बारिश के आसार

नई दिल्ली. उत्तरी पाकिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण कई राज्यों में आने वाले समय में मौसम करवट बदल सकता है. विक्षोभ का असर, शनिवार को पहाड़ी क्षेत्रों पर देखने को मिल सकता है. भारत मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जाहिर की है.

मौसम विभाग ने सिक्किम में भी बारिश के आसार जाहिर किए हैं. इसके साथ ही उत्तर भारत और उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमाम सामान्य से अधिक रह सकता है.

विभाग के अनुसार विक्षोभ के चलते शनिवार को उत्तरी उत्तराखंड के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है साथ ही बर्फबारी के भी आसार हैं. दूसरी ओर जम्मू कश्मीर और लद्दाख, गिलगिट बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने और ओले पड़ने की आशंका है. इन राज्यों में तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है. देश के बाकी हिस्से में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.

वहीं राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह हल्की गर्मी के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि सुबह हल्की धुंध भी रही. भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार शनिवार को दिन में आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान के 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.