BIHARBreaking NewsSTATE

कोविड-19 टीकाकरण के लिए स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण अंतिम चरण में

कोविड-19 टीकाकरण के लिए स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण अंतिम चरण में
• करीब 4.74 लाख लाभार्थियों ने कराया टीकाकरण के लिए कोविन पोर्टल पर पंजीकरण

मुजफ्फरपुर / 11 जनवरी: राज्य में होने वाले कोविड-19 टीकाकरण को लेकर राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है. कोरोना टीकाकरण के प्रथम चरण में चिन्हित सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों के स्वास्थ्यकर्मियों का कोविन पोर्टल पर निबंधन का कार्य भी तेजी से हो रहा है. कोविड टीकाकरण के लिए स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण पूरे राज्य में अंतिम चरण में है. अभी तक 4,74,338 लाभार्थियों का पंजीकरण कोविन पोर्टल पर हो चुका है.

स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण अंतिम चरण में:

कोविड टीकाकरण के लिए स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण पूरे राज्य में अंतिम चरण में है और स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण आरम्भ करने के लिए पूरी तरह से तैयार है. वैक्सीन के समुचित रख रखाव के लिए कोल्ड चेन प्रणाली को पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है और हर जिले में इसकी निगरानी की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन कोविड टीकाकरण को लेकर पूरी तरह से सजग और तत्पर है. कोविड टीके के भण्डारण एवं इसे राज्य के अन्य क्षेत्रीय भंडार केन्द्रों तक पहुँचाने में एनएमसीएच स्थित राज्य टीकौषधी भंडार महत्वपूर्ण भूमिका में है. राज्य टीकौषधी भंडार में कोविड-19 के टीके के भण्डारण के लिए एक वाक इन कूलर को चिन्हित किया गया है, जिसकी क्षमता लगभग 3 लाख वायल है. विभिन्न जिलों में सीरिंजों की पूरी खेप पहुंचाने की व्यवस्था की गयी है ताकि टीकाकरण का कार्य सुचारू रूप से किया जा सके.

कोविड-19 टीकाकरण के लिए निम्नलिखित चरणों का पालन करें:

कोविड का टीका सभी के लिए पूरी तरह सुरक्षित है और इसे लगवाने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने पोस्टर जारी कर जनमानस को इसके तरीके के बारे में अवगत कराया है.

टीकाकरण के लिए निम्न चरणों का पालन करें:
• उचित फोटो आईडी का उपयोग कर कोविन सिस्टम में पंजीकरण कराएँ
• पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त एसएमएस की पुष्टि कर निर्देशों का पालन करें
• टीकाकरण स्थल पर टीकाकरण अधिकारी-1 लाभार्थी का फोटो आईडी और पंजीकरण सन्देश की जांच करेंगे
• टीकाकरण अधिकारी-2 कोविन सिस्टम से दस्तावेजों को प्रमाणित करेंगे
• टीकाकरण अधिकारी लाभार्थियों को टीका लगायेंगे
• टीका लगने के बाद निर्धारित क्षेत्र में 30 मिनट तक रुकना होगा
• टीकाकरण अधिकारी-4 और 5 सुनिश्चित करेंगे की लाभार्थी टीकाकरण के उपरान्त 30 मिनट तक रुके और गैर पंजीकृत लाभार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे
• दूसरा टीका लगवाने के लिए एसएमएस के अनुसार दी तारीख पर आएं

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.