BIHARBreaking NewsSTATE

लालू राज में खुलेआम घूमता था शहाबुद्दीन, नीतीश सरकार में गया सलाखों के पीछे: जेपी नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को कहा कि विकास बिहार की आकांक्षा है। इसलिए याद रखना होगा कि खुलेआम घूमने और गोली चलाने वाला शहाबुद्दीन लालू राज में ही बचता रहा। जैसे ही नीतीश कुमार की सरकार आयी, उसे जेल जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि गोपालगंज के पूर्व डीएम जी. कृष्णैया की लालू राज में ही उनके वाहन से उतार कर हत्या की गयी थी। जनता उसे भूली नहीं है। वह दिन भी याद है जब रात में पटना के डाकबंगला चौराहे पर कोई खड़ा नहीं हो पाता था। लेकिन, आज वह सब कुछ बदल गया है। जेपी नड्डा ने बिक्रमगंज के इंटर कॉलेज में एनडीए की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि पहले जाति के आधार पर राजनीति होती थी। कल तक जाति की राजनीति करने वाले भी आज विकास की बात करने लगे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने हमारे देश के राजनीतिक गलियारों की संस्कृति ही बदल दी। आज विकास बिहार की आकांक्षा बन गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में विकास की कहानी गढ़ी है।

नड्डा ने कहा कि पीएम नरेंद मोदी ने बिहार को एक लाख 25 हजार करोड़ के पैकेज के अलावा 40 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त पैकेज दिया है। इससे विकसित बिहार बनेगा। आज बिहार में 11 मेडिकल कॉलेज सहित रोहतास जिले में एक इंजीनियरिंग व पॉलिटेक्निक कॉलेज खुला है। इसके अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना में साढ़े पांच हजार करोड़ की लागत से दुनिया के सबसे बड़े अस्पताल का निर्माण करा रहे हैं। श्री नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी द्वारा आत्मनिर्भरता की बात कही गई है। इसके लिए 20 लाख करोड़ का पैकेज दिया है। इसमें तीन लाख करोड़ छोटे उद्योगों व एक लाख करोड़ किसानों के लिए है।

आत्मनिर्भर बिहार के बारे में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में देश का 80 प्रतिशत मखाना तैयार होता है। उत्तर बिहार के आठ जिलों में 90 प्रतिशत मखाना होता है। यहां वर्ल्ड क्लास का मखाना होता है। इसके अलावा मत्स्य पालन व मधुबनी पेंटिंग का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि एक सौ रुपये की पेंटिंग खरीदकर लोग एक हजार में बिक्री करते हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.