BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

मुजफ्फरपुर: पताही में बनने जा रहे कोरोना मरीजों के टेंट सिटी अस्पताल की क्या होगी खासियत, जाने…

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए भारतीय सेना की तरफ से जिले के पताही में टेंट सिटी अस्पताल बनाया जाएगा। दिल्ली मुख्यालय से हरी झंडी मिलने के बाद इसकी कवायद शुरू कर दी गई है। उक्त अस्पताल पांच सौ बेड का होगा, जिसमें कोरोना के गंभीर मरीजों का इलाज किया जाएगा। हालांकि यह अस्थायी होगा। मुजफ्फरपुर के साथ आसपास के जिलों के मरीजों को भी यहां चिकित्सा की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा दक्षिण बिहार के संबंधित जिलों के लिए पटना में भी सेना की तरफ से अस्पताल बनाया जाना है। संभावना जताई गई है कि अगले 15 दिनों में ये अस्पताल चालू हो जाएंगे।

सभी वार्ड वातानुकूलित होंगे

पताही में अस्पताल निर्माण स्थल पर बिजली, पानी व सड़क समेत कई अन्य व्यवस्था जिला प्रशासन को करनी है। डीएम डॉ. चंद्रशेखर ङ्क्षसह ने बताया कि इसके लिए गुुरुवार को सभी संबंधित विभागों की बैठक बुलाई गई है। बताया गया कि उक्त अस्पताल के सभी वार्ड वातानुकूलित होंगे। वहां बेहतर बिजली की व्यवस्था व प्रत्येक दिन एक लाख लीटर पानी की जरूरत पड़ेगी। यह व्यवस्था भी जिला प्रशासन को करनी है। साथ ही संपर्क सड़क भी जिला प्रशासन की तरफ से बनाया जाएगा।

रक्षा मंत्रालय की टीम ने कई स्थानों का किया था निरीक्षण

बता दें कि चार दिन पूर्व रक्षा मंत्रालय के डिफेंस रिसर्च एंड डेवेलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (डीआरडीओ) की टीम ने स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिले के चक्कर मैदान, एमआइटी परिसर, पताही एयरपोर्ट और झपहां के सीआरपीएफ कैंप में स्थल निरीक्षण किया था। निरीक्षण करने के बाद रक्षा मंत्रालय की टीम दिल्ली लौट गई थी। इसके बाद वहां तय हुआ कि पताही एयरपोर्ट के समीप टेंट सिटी अस्पताल बनाया जाएगा। 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.