Breaking NewsSTATEUTTARAKHAND

8 जून के बाद शुरू हो सकती है ‘केदारनाथ’ और ‘बद्रीनाथ यात्रा’, सरकार कर रही विचार

देहरादून. उत्तराखंड में भगवान बद्रीनाथ और भगवान केदारनाथ के मंदिरों के कपाट खुलने के बाद अब चार धाम यात्रा (Char Dham Yatra) भी शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं. ताजा जानकारी के मुताबिक सरकार 8 जून के बाद यात्रा शुरू करने पर विचार कर रही है. सीएम त्रिवेन्द्र रावत (CM Trivendra Singh rawat) का कहना है कि जल्द ही चार धाम यात्रा पर फैसला लिया जाएगा. हालांकि अभी यात्रा शुरू करने की तारीख पर कोई फैसला नहीं लिया गया है.

उत्तराखंड समेत पूरे देश में कोरोना वायरस (COVID-19) के संक्रमण की वजह से इस बार विश्व प्रसिद्ध चार धाम यात्रा के शुरू होने को लेकर पहले से ही संदेह जताए जा रहे थे. गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम मंदिरों के कपाट भी इसी महामारी की वजह से देर से खोले जा सके. इस कारण यह आशंका थी कि संभवतः इस बार चार धाम यात्रा पर श्रद्धालु न आ सकें. हालांकि इस बीच प्रदेश सरकार ने कई बार अपनी ओर से यह स्पष्ट जरूर किया था कि वह चार धाम यात्रा को शुरू कराने के प्रति गंभीर है. सरकार इसके लिए किए जा रहे तमाम प्रयासों के बारे में भी लोगों को जानकारी दे रही थी. इतनी कवायद के बाद अब जबकि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेेंद्र सिंह रावत ने चार धाम यात्रा शुरू करने के संकेत दिए हैं, उससे श्रद्धालुओं की उम्मीद जग गई है.

चारधामों के कपाट खुलने में भी आड़े आया वायरस

उत्तराखंड में होने वाली चार धाम यात्रा मई से लेकर सितंबर-अक्टूबर के अंत तक चलती है. गर्मी का मौसम शुरू होते ही गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में स्थित मंदिरों के कपाट खुलने के साथ ही यह यात्रा शुरू होती है और ठंड आने से ठीक पहले बंद कर दी जाती है. चार धाम यात्रा करने के लिए हर साल लाखों की तादाद में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं, लेकिन इस बार कोरोना संकट की वजह से मार्च के बाद से ही पर्यटकों का आना कम हो गया है. इस कारण चार धाम यात्रा को लेकर आशंकाएं जताई जा रही थीं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.