Breaking News

बिहार में बीजेपी के पास कोई चेहरा नहीं, नीतीश कैबिनेट विस्तार के बीच बोले प्रशांत किशोर

पटना: बिहार में नीतीश सरकार के कैबिनेट विस्तार के बीच जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बीजेपी पर निशाना साधा है। पीके ने कहा कि बिहार में बीजेपी के पास कोई बड़ा चेहरा नहीं है। इसलिए 43 विधायकों वाली जेडीयू के नेता नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाए रखा है। उन्होंने दिलीप जायसवाल पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार बीजेपी अध्यक्ष को किसी गांव में खड़ा कर दिया जाए, तो उन्हें 10 लोग भी नहीं पहचान पाएंगे।

पटना में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि यह वही बीजेपी है, जो खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करती है, लेकिन बिहार में उसकी स्थिति दयनीय है। पीके ने कहा कि बिहार में बीजेपी के पास खुद का कोई मजबूत चेहरा नहीं है। नीतीश कुमार के साथ सरकार बनाकर बीजेपी खुद को डुबो रही है। बीजेपी के पास बिहार में कोई स्पष्ट नेतृत्व नहीं है, इसलिए वह नीतीश के सहारे सरकार चला रही है। पीके ने इसे बीजेपी की बड़ी रणनीतिक गलती बताया और दावा किया कि इसका खामियाजा उसे आगामी विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा।

बता दें कि दिलीप जायसवाल ने नीतीश कैबिनेट से राजस्व मंत्री पद से बुधवार को इस्तीफा दे दिया। वह बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बने रहेंगे। शाम में राज्य कैबिनेट का विस्तार किया जा रहा है। बीजेपी कोटे से 7 नए मंत्री बनाए जाएंगे। नए मंत्रियों की सूची में बीजेपी विधायक संजय सरावगी, जीवेश मिश्रा, मोतीलाल प्रसाद, संजय कुमार, कृष्ण कुमार मंटू, विजय मंडल और राजू सिंह का नाम शामिल है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.