छपरा. बिहार के छपरा जिले में मांझी प्रखंड के गोबरही गांव में पत्नी-प्रेम की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली है. यहां के निवासी विजय सिंह ने अपनी पत्नी दिवंगत रेणु देवी की याद में 2 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य शिव मंदिर बनवाया है. विजय सिंह की पत्नी रेणु देवी का निधन महाशिवरात्रि के दिन ही हुआ था. उनकी अंतिम इच्छा थी कि उनके पति उनकी याद में एक शिव मंदिर बनवाएं. विजय सिंह ने अपनी पत्नी की इस इच्छा को पूरा करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी.

राजस्थान से कारीगरों को बुलाया और भव्य मंदिर शिवशक्ति धाम को गांव में बनवा दिया. अब इस बार मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महाशिवरात्रि के अवसर पर की जाएगी, जिसके लिए बड़े पैमाने पर तैयारी की गई है. इस मंदिर का निर्माण लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है. मंदिर की वास्तुकला बहुत ही सुंदर और आकर्षक है. मंदिर के अंदर शिवलिंग की स्थापना की गई है, जो कि बहुत ही भव्य है. इस मंदिर को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है.

काफी उत्साहित हैं गांव वाले
विजय सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी की याद में यह मंदिर बनवाना उनके लिए बहुत ही महत्वपूर्ण था. उन्होंने कहा कि यह मंदिर न केवल उनकी पत्नी की याद को जीवित रखेगा, बल्कि यह गांव के लोगों के लिए भी एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल बनेगा. स्थानीय देवेंद्र सिंह ने बताया कि वह इस मंदिर के निर्माण से गांव के लोगों में बहुत ही उत्साह और खुशी है. लोग इस मंदिर को देखने और पूजा करने के लिए आ रहे हैं. यह मंदिर न केवल एक धार्मिक स्थल है, बल्कि यह एक प्रेम कहानी का भी प्रतीक है.






Leave a Reply