Breaking News

दिल्ली, बिहार और बंगाल में भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 7.1

Earthquake News: मंगलवार सुबह तिब्बत और नेपाल में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। दोनों देशों की सीमा से सटे इलाकों में सुबह 6:35 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.1 मापी गई। इसका असर भारत के कई राज्यों में भी महसूस हुआ, जिसमें बिहार सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। इसके अलावा असम, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी झटके महसूस किए गए। लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र लोबुचे से 93 किमी उत्तर-पूर्व में था। हालांकि, अभी तक जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है, लेकिन 7 से ऊपर की तीव्रता वाले भूकंप को खतरनाक श्रेणी में माना जाता है।

MP के कई शहरों में हिली धरती

मध्य प्रदेश के कई शहरों में आज सुबह भूकंप (Earthquake News) के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र नेपाल बताया जा रहा है। ये झटके इतने तेज थे कि लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, मध्य प्रदेश के किन शहरों में भूकंप आया इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।

रिक्टर स्केल पर 7.1 की तीव्रता 

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने बताया कि तिब्बत के जिजांग क्षेत्र में सुबह 6:30 बजे 7.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिसकी गहराई 10 किमी थी। इसके बाद क्रमशः 4.7, 4.9 और 5.0 तीव्रता के झटके महसूस किए गए। लोग अपने घरों से बाहर खुले स्थानों की ओर भागे। अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

पिछले महीने, 21 दिसंबर को भी नेपाल में 4.8 तीव्रता का भूकंप आया था। अप्रैल 2015 में नेपाल में 7.8 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था, जिसमें लगभग 9,000 लोग मारे गए थे और 22,000 से अधिक घायल हुए थे, साथ ही 800,000 से अधिक घरों और स्कूलों को नुकसान पहुंचा था।

टेक्टोनिक प्लेटों की अस्थिरता के कारण आते हैं भूकंप के झटके

भूकंप की बार-बार की घटनाओं के बारे में, IIT कानपुर के प्रो. जावेद एन मलिक ने बताया कि हिमालय क्षेत्र में टेक्टोनिक प्लेटों की अस्थिरता के कारण यहां भूकंप आते रहते हैं। पृथ्वी के भीतर सात टेक्टोनिक प्लेट्स होती हैं जो लगातार गति करती हैं। जहां ये प्लेट्स टकराती हैं, वहां फॉल्ट लाइन बनती है। जब इन पर दबाव बढ़ता है तो प्लेट्स टूटती हैं और ऊर्जा निकलती है, जिससे भूकंप आता है।

भूकंप की तीव्रता मापने के लिए उपयोग किया जाता है रिक्टर स्केल

भूकंप का केंद्र उस स्थान को कहते हैं जहां से प्लेटों की हलचल के कारण ऊर्जा निकलती है। इस स्थान पर भूकंप का प्रभाव सबसे अधिक होता है। रिक्टर स्केल पर 7 या उससे अधिक की तीव्रता वाले भूकंप (Earthquake News) का असर 40 किमी के दायरे में अधिक होता है। भूकंप की तीव्रता मापने के लिए रिक्टर स्केल का उपयोग किया जाता है, जो 1 से 9 तक की होती है। इससे भूकंप की भयावहता का अंदाजा लगाया जाता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.