Breaking News

तेजस्वी यादव ने CHO परीक्षा रद्द होने पर नीतीश सरकार को घेरा, बोले- फिर पेपर लीक का कारनामा

पटना: राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव  ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने पेपर लीक की घटना पर नीतीश कुमार की चुप्पी पर भी सवाल उठाया है. तेजस्वी यादव का यह बयान सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO) की हुई ऑनलाइन परीक्षा के रद्द होने का बाद आया है. गौरतलब है कि सीएचओ की ऑनलाइन परीक्षा की पेपर रद्द हो गयी थी. जिसके बाद सरकार ने इसे रद्द कर दिया. 

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि सत्ता संरक्षित पेपर लीक माफिया ने फिर बिहार में लीक का बड़ा कारनामा किया है. कल सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO) की हुई ऑनलाइन परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद इसे रद्द करना पड़ा. बिहार में कोई भी ऐसी परीक्षा नहीं हो रही जिसमें BJP-JDU की घालमेल वाली सत्ता प्रायोजित धांधली नहीं हो रही है. 

तेजस्वी यादव ने लिखा कि गड़बड़ी सबके सामने आ गई तो मजबूरी में यह सरकार उसे रद्द करती है अन्यथा परीक्षा को साफ-सुथरा करार दे परीक्षा माफिया से हुई कमाई का बंदरबांट कर लिया जाता है. क्या यह सत्य नहीं है कि  सभी परीक्षाओं के पेपर लीक माफ़िया के कर्ता-धर्ता प्रदेश के मुखिया के गृह जिले से ही संबंध रखते है?

जब तक नीतीश-भाजपा सरकार है, कोई भी परीक्षा कदाचार मुक्त हो ही नहीं सकती है क्योंकि परीक्षा माफिया के सदस्य हर बार सरकार के ही क़रीबी निकलते हैं. क्या आपने कभी मुख्यमंत्री को किसी भी पेपरलीक पर बोलते सुना है? पेपरलीक सह परीक्षा माफिया पर उनकी चुप्पी में ही लीक का रहस्य छुपा है? यह संयोग तो नहीं हो सकता है कि सभी परीक्षाओं एवं पेपर लीक के तार हमेशा एक विशेष जिले से ही जुड़े रहते है? 

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.