पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को नोबेल पुरस्कार देने की मांग उठी है. यह डिमांड जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा की ओर से की गई है. संजय झा ने महिला सशक्तिकरण के लिए नीतीश कुमार को नोबेल पुरस्कार देने की मांग की. उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए मुख्यंमत्री नीतीश कुमार ने जितना काम किया है, उसके लिए उन्हें नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए या उससे भी बड़ा पुरस्कार मिलना चाहिए. उन्होंने यह बात समस्तीपुर में जेडीयू कार्यकर्ता सम्मेलन में कही.

उन्होंने सीएम नीतीश के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा कि मुझसे व्यक्तिगत रूप से अगर पूछिएगा तो एक काम में नीतीश कुमार जी को जरूर नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए या उससे भी ज्यादा बड़ा प्राइज. वो है महिला सशक्तिकरण. संजय झा ने आगे कहा कि महिला सशक्तिकरण में 20 साल में नेता कितना बड़ा परिवर्तन ला सकता है. एक नेता में विजन हो तो कितना बड़ा चेंज ला सकता है. आधी आबादी को अगर 20 साल पहले हमको नहीं लगता है कि समस्तीपुर में किसी लड़की को आप साइकिल चलाते हुए देखते होंगे. गांव की बात तो छोड़ ही दीजिए.

इससे पहले जेडीयू के एमएलसी खालिद अनवर भी नीतीश कुमार के लिए नोबेल पुरस्कार मांग चुके हैं. उन्होंने बिहार विधान परिषद में कहा था कि क्लाइमेट के लिए नीतीश कुमार बिहार में जो काम कर रहे हैं, ऐसा किसी स्टेट ने नहीं किया. उन्होंने कहा कि बिल गेट्स ने भी नीतीश कुमार के जलवायु परिवर्तन को लेकर कर रहे कामों की सराहना की है. वहीं जेडीयू के ही एमएलसी दिलीप चौधरी ने खालिद अनवर का समर्थन करते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री को नोबेल पुरस्कार मिले, इसके लिए सदन में प्रस्ताव पास होना चाहिए.



Comment here