नई दिल्ली. बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान के बाद अब बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान को जान से मारने की धमकी मिली है. शाहरुख खान की टीम ने बांद्रा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. बाबा सिद्दिकी के मर्डर के बाद बॉलीवुड के दूसरे सुपरस्टार को धमकी मिली है. इस धमकी के बाद किंग खान की टीम तुरंत हरकत में आई और एफआईआर दर्ज कराई. मामला हाईप्रोफाइल देखते हुए बांद्रा पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह धमकी छत्तीसगढ़ के रायपुर से मिली है. किसी फैजान नाम के शख्स के नाम पर रजिस्टर्ड नंबर से शाहरुख का जान से मारने की धमकी मिली है. पुलिस ने धारा 308(4), 351(3)(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है.

रेड चिलीज के ऑफिस में आया धमकी भरा फोन
बताया जा रहा है कि धमकी भरा कॉल शाहरुख खान की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज के ऑफिस में आया था जिसके बाद हडकंप मच गया.
क्या मिली धमकी?
जानकारी के मुताबिक, कॉल करने वाले शख्स ने कहा, ‘अगर शाहरुख खान अपनी जान बचाना चाहते हैं तो 50 लाख रुपये दो, नहीं तो उन्हें अंजाम भुगतना पड़ेगा.’ बताया जा रहा है ये कहने करे बाद आरोपी ने कॉल को काट दिया गया और फोन बंद कर दिया.
छत्तीसगढ़ पहुंची मुंबई पुलिस
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई पुलिस की टीम छत्तीसगढ़ रायपुर पहुंच चुकी हैं. दरअसल, पुलिस ने कॉल को ट्रेस किया तो ये रायपुर का निकला था. लास्ट लोकेशन बाजार की है. पुलिस लगातार लोगों से पूछताछ कर रही है. फिलहाल आगे की जांच जारी है.
शाहरुख की सुरक्षा में भी होगा इजाफा!
शाहरुख के नाम की धमकी भरी कॉल के बाद माना जा रहा है कि शाहरुख खान की सिक्योरिटी में भी इजाफा किया जाएगा. सुपरस्टार के घर मन्नत की सिक्योरिटी को बढ़ा दिया गया है.

पिछले साल भी मिली थी धमकी
शाहरुख खान हमेशा से ही अंडरवर्ल्ड की हिट लिस्ट में रहे हैं. इससे पहले भी करियर में कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी मिल चुकी हैं. पिछले साल अक्टूबर में भी उन्हें फिल्म ‘पठान’ और ‘जवान’ की सफलता के बाद जान से मारने की धमकियां मिली थीं. इस बारे में एक्टर ने महाराष्ट्र पुलिस में लिखित में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके बाद उन्हें Y+ सिक्योरिटी दी गई थी.




Leave a Reply