Breaking NewsUTTAR PRADESH

अद्भुत नज़ारा: हवा हुई साफ तो सहारनपुर से दिखने लगीं हिमालय की चोटियां, देखें तस्वीरें…

लॉकडाउन में लोगों ने पहली बार प्रकृति को इतनी नजदीक से देखा व उससे जुड़ाव महसूस किया। वाहन-फैक्ट्री सब बंद होने से हवा साफ व धूल-धुएं से मुक्त हो गई है। प्रकृति के नजारे आम हो गए हैं। जी हां, नीले आसमान में दृश्यता का आलम यह है कि सहारनपुर से अपर हिमालयन रेंज की पहाड़ियां तक आसानी से देखी जा रही हैं।

ऐसे ही कुछ खुशनुमा पल सहारनपुर के इनकम टैक्स अधिकारी दुष्यंत कुमार सिंह ने अपने कैमरे में कैद किए है। दुष्यंत सिंह के अनुसार, रविवार शाम बारिश के बाद नजारा देखकर वह भी एक बार चौक गए। चकराता से ऊपर की और गंगोत्री-यमुनोत्री पर्वत शृंखला की बंदरपूंछ आदि की पहाड़ियां साफ दिखाई दे रही थीं। इसे उन्होंने अपने कैमरे में कैद कर लिया।

दुष्यंत सिंह की अध्यापक पत्नी निधि बताती हैं कि यह पहाड़ियां करीब 200 किलोमीटर दूर हैं। खास है कि अभी तक वायुमंडल में पसरे घने प्रदूषण के चलते देहरादून-मसूरी की पहाड़ियां भी कभी-कभार बारिश के बाद मुश्किल से दिखाई देती थी, लेकिन आज अपर हिमालयन रेंज की पर्वत शृंखलाएं सहारनपुर से दिखाई दे रही हैं।

हवाओं को साफ व प्रदूषण मुक्त बनाने का जो काम पूरी सरकारी मशीनरी न कर पाई उसे लॉकडाउन ने कर दिखाया। लॉकडाउन के चलते वाहन फैक्ट्री सब बंद होने से धूल धुंए के साथ हवा में हानिकारक गैसें आदि का प्रभाव खत्म हो गया और लोगों ने पहली बार प्रकृति को इतनी नजदीक से देखा और उसकी अप्रतिम सुंदरता का अहसास किया है।

प्रदूषण विभाग के अनुसार, लॉकडाउन के चलते हवाओं की गुणवत्ता में करीब 35% तक सुधार है। जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी एक्यूआई लेवल 70 पर आ गया है। जो दिवाली के आसपास 300 के पार पहुंच जाया करता था और 120-125 से कम तो कभी आता ही नहीं था। सहायक वैज्ञानिक अधिकारी गीतेश चंद्र कहते हैं कि लॉकडाउन में वाहन फैक्ट्री आदि सब बंद है। बारिश में धूल-धुंआ आदि सब धुल गया है तो आसमान साफ दिखेगा ही।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.