BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

मुजफ्फरपुर में कोरोना ? घर-घर सर्वे में सकरा में चार संदिग्धों की हुई पहचान, लिए जाएंगे नमूने…

जिले में शनिवार को भी कोई कोरोना पॉजिटिव केस नहीं मिला। एसकेएमसीएच के अधीक्षक डॉ.सुनील कुमार शाही ने बताया कि 231 नमूने अब तक संग्रह कराकर जांच की गई। ये सभी निगेटिव मिले। इंडिगो विमान से सफर के दौरान नालंदा के एक पॉजिटिव के संपर्क में आने वाले सात लोगों की रिपोर्ट आ गई है। ये सभी निगेटिव मिले। इससे विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। शनिवार को एसकेएमसीएच में दो व सदर अस्पताल में चार नमूने संग्रहित किए गए। वहीं, 34 लोगो की स्क्रीनिंग हुई। जिला कंट्रोल रूम के नोडल पदाधिकारी डॉ.सीके दास ने बताया कि नमूना संग्रह का काम सदर अस्पताल में भी शुरू कर दिया गया है। पहले दिन शहरी इलाके के चार संदिग्धों के नमूने लिए गए। वहीं, सकरा में हर घर सर्वे कर रही टीम ने चार संदिग्धों को चिह्नित किया है। इनके रविवार को सदर अस्पताल में नमूने संग्रहित किए जाएंगे।

दूसरे दिन 12263 घरों तक पहुंची टीमे

विदेशों या नेपाल से आए 320 लोगों के गांवों में हर घर का सर्वे कराया जा रहा है। जिले में वैसे 188 गांव चयनित किए गए हैं। इनमें पल्स पोलियो अभियान में काम करने वाली 367 टीमें सर्वे कर रही हैं। दूसरे दिन 12263 घरों में जाकर 61407 लोगों का टीमों ने हेल्थ सर्वे किया। सर्वे के लिए प्रपत्र दिया गया है। इसमें घर में रहने वाले सदस्यों का नाम, उनकी ट्रेवल हिस्ट्री, व स्क्रीनिंग कर स्वास्थ्य की जानकारी ली जा रही है। चयनित गांवों में कोई गंभीर सर्दी-खांसी या सांस संबंधी बीमा’री से ग्र’सित मिलता है तो उसकी जांच के बाद नमूना संग्रह किया जा रहा।

आठ दिनों तक चलेगा हर घर सर्वे का अभियान

सिविल सर्जन डॉ.एसपी सिंह ने बताया कि विदेशों या नेपाल से आए लोग जिस गांव में रह रहे हैं वहां पर आठ दिनों तक हर घर सर्वे अभियान चलेगा। कोई भी संदिग्ध मरीज मिलने पर उनकी पहचान कर सदर अस्पताल लाकर जांच कराने के साथ नमूने लिए जाएंगे। इन्हें जांच के लिए एसकेएमसीएच भेजा जाएगा। सर्वे में यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ व केयर इंडिया की टीमें स्वास्थ्य विभाग का सहयोग कर रही हैं। वह खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं। अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ.विनय कुमार शर्मा की देखरेख में प्रतिदिन शाम में समीक्षा चलेगी। इनसेट

सदर अस्पताल में आउटडोर में आए चार मरीज, फ्लू कॉर्नर में जांच शुरू

मुजफ्फरपुर : सदर अस्पताल में लॉकडाउन के दौरान आउटडोर सेवा बंद थी। इसे चालू कर दिया गया है। साथ ही फ्लू कॉर्नर मे भी जांच शुरू हो गई है। पहले दिन आउटडोर में मरीजों की संख्या कम रही। केवल चार मरीज ही आए। मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए सोमवार से जांच के बाद एक-एक कर मरीज को आउटडोर में भेजा जाएगा। सिविल सर्जन डॉ.एसपी सिंह ने कहा कि केवल सदर अस्पताल में ही सुबह आठ से दोपहर दो बजे के बीच आउटडोर सेवा चलेगी। प्रबंधक प्रवीण कुमार व लेखापाल विपिन पाठक की निगरानी में शारीरिक दूरी का पालन कराया जाएगा। सीएस ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अभी केवल इमरजेंसी सेवा दी जाएगी।

रीडर कनेक्ट

कोरोना के संदिग्ध मरीज के संबंध में कोई जानकारी या इलाज में होने वाली परे’शानी की सूचना दैनिक जागरण के मोबाइल नंबर 9431270044 पर दें। हम आपकी समस्या को वरीय अधिकारी तक पहुंचाकर निदान की पहल करेंगे।

Input: Jagran

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.