लॉकडाउन जारी है। परिवार व समाज सुरक्षित रहे, इसके लिए आवश्यक है कि हम अपने घरों में रहें। परंतु हम खुद की सुरक्षा के प्रति बिल्कुल ही संजीदा नहीं हैं। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की सख्ती के बीच जब भी वक्त मिलता है, घर छोड़कर निकल जाते हैं। बेवजह सड़क पर घूमने की पुरानी आदत जो ठहरी, इतनी जल्दी कैसे छूटे। पर, हम यदि नहीं सुधरे तो असमाजिक तत्व का ठप्पा लग जाएगा। ठप्पा भी ऐसा कि हाथ खोलकर दिखाने में भी शर्म आएगी।

घूमते पकड़े जाने पर ठप्पा
जी हां। लॉकडाउन के अनुपालन में आ रही परेशानियों के निदान के लिए बगहा पुलिस ने एक अनूठे तरीके का प्रयाेग कर रही। इसके तहत बेवजह सड़क पर घूमते हुए पाए जाने वाले बाइक सवार युवकों से न सिर्फ जुर्माना वसूल किया जा रहा बल्कि उनकी दोनों हथेलियों पर पुलिस एक मुहर भी लगा रही। मुहर पर लिखा है हम अपने परिवार और समाज के दुश्मन हैं, अर्थात असमाजिक तत्व हैं। पुलिस की इस अनूठी पहल के बाद सड़क पर बाइक सवारों की भीड़ न के बराबर दिख रही। नगर के हर चौराहे पर पुलिस पदाधिकारी जवानों के साथ मुस्तैद हैं। अबतक करीब दो दर्जन युवाओं के हाथों पर ठप्पा लगाया जा चुका है।
नाम मत छापिएगा प्लीज…
शुक्रवार को नगर थाने के सामने एक बाइक सवार युवक को पुलिस ने रोका। पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि वह ऐसे ही घर से निकल गया था। पुलिस पदाधिकारी ने युवक पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके साथ दोनों हथेलियों पर ठप्पा भी मार दिया। युवक शर्मिंदा था। हमनें तस्वीर निकाली तो वह मिन्नत करने लगा। सर प्लीज मेरा नाम मत छापिएगा। अब लॉकडाउन की समाप्ति तक घर से बाहर नहीं निकलूंगा।

लॉकडाउन का अनुपालन
बगहा पुलिस जिला के एसपी राजीव रंजन ने कहा कि लोगों से अपील है कि वे लॉकडाउन का शत प्रतिशत अनुपालन करें। घर से बाहर नहीं निकलें तथा घर में भी फिजिकल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करें। नियम तोड़ने वालों पर कठाेर कार्रवाई की जाएगी।



Leave a Reply