Breaking News

अभी मानसून कमजोर:बारिश नहीं होने से फिर बढ़ रही गर्मी, तीन दिनों में दिन का तापमान एक से दो डिग्री और चढ़ेगा

जिले में इस माह बारिश नहीं होने के साथ ही गर्मी की तपिश लगातार बढ़ती जा रही है। जुलाई में अबतक जिले में जहां केवल 91 मिमी बारिश ही हुई है। वहीं बारिश थमने के साथ निकल रही चिलचिलाती धूप के कारण दोपहर का पारा चढ़ता जा रहा है। मंगलवार की अपेक्षा बुधवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री की वृद्धि के साथ सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक 36 डिग्री पर पहुंचने से लोग उमसभरी गर्मी से बुरी तरह परेशान रहे। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस पर यथावत है। मौसम विभाग ने आसमान में बादल के छाए रहने के बाद भी 29 जुलाई से मौसम के बदलने तथा 30 जुलाई को अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है।

बारिश के नहीं होने से जिले में सूखे की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। अपनी सूख रही फसलों को देखकर किसान परेशान हैं। कृषि मौसम परामर्शी सेवा के नोडल अधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने तीन दिनों तक इस क्षेत्र में मानसून के कमजोर रहने के साथ ही इस दैारान कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। अगले तीन दिनों में आसमान में हल्के से मध्यम बादल तो छाए रहेंगे। लेकिन, अधिक बारिश की उम्मीद नहीं है। इसके बाद 30 जुलाई के आसपास जिला समेत उत्तर बिहार में अच्छी बारिश होने के साथ ही नेपाल से सटे तराई क्षेत्र के कुछ स्थानों पर अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक औैर वृद्धि होने के कारण गर्मी औैर बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.