Breaking News

फोन अनब्लॉक कराया और बोला- तलाक..तलाक..तलाक:मुजफ्फरपुर में युवक ने व्हाट्सएप पर दिया तीन तलाक

मुजफ्फरपुर में एक युवक ने अपनी पत्नी को तीन तलाक दे दिया। पीड़िता के अनुसार पति ने व्हाट्सएप कॉल और वाइस मैसेज भेजकर तीन तलाक दे दिया है। पीड़िता ने इसकी शिकायत स्थानीय थाने में की है।

मामला औराई थाने का है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि पति अक्सर मारपीट करता था। परेशान होकर वह अपने मायके चली गई थी। पति के नंबर को ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद पति ने दूसरे नंबर से कॉल कर जरूरी बता करने को लेकर फोन अनब्लॉक करने की बात कही। अन ब्लॉक करते ही युवक ने व्हाट्सएप पर ही तलाक…तलाक…तलाक कह दिया।

अब जानिए तीन तलाक की पूरी कहानी

पीड़ित महिला समा परवीन जिले के औराई प्रखंड की रहने वाली है। आरोपी पति मो. असलम सीतामढ़ी जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पीड़िता ने बताया कि उसका निकाह वर्ष 2019 में हुआ था। उसका एक बच्चा भी है। शादी के 6 महीने तक सब ठीक था। फिर उसका पति कारोबार के लिए पांच लाख रुपया मायके से दहेज लेने के लिए दबाव देने लगा।

आरोपी पति मो. असलम ।

आरोपी पति मो. असलम ।

पीड़िता ने बताया कि ससुराल वाले भी दहेज लोभी है। मेरे घर वालों को बोलते थे 5 लाख दो नहीं तो बेटी को मार देंगे। प्रताड़ना से तंग आकर कुछ दिन पहले मायके आ गई थी। उसने अपने शौहर के नंबर को एक दिन पहले ब्लॉक कर दी थी। जिसके बाद 18 जुलाई मंगलवार की रात दूसरे नंबर से मैसेज करके बोले कि अनब्लॉक करो मुझे कुछ जरूरी बात करनी है।

…और वॉइस मैसेज आया, तलाक..तलाक…तलाक

जब समा ने पति को अनब्लॉक किया तो दोनों की बातें हुई। उसके बाद वो मेरे घरवालों को गाली देने लगा। गुस्से में मैंने भी उनको गाली दी। जिसके बाद बात आगे बढ़ गई। फिर उन्होंने मुझे कॉल पर तीन तालाक दे दिया। इसके बाद उन्होंने व्हाट्सएप के वॉइस मैसेज भेजा। मैसेज में उसने कहा-समा परवीन सुन लो। मैं तुम्हें तलाक दे रहा हूं तलाक..तलाक..तलाक।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.