Breaking News

बिहार के कई अधिकारी BJP के इशारे पर कर रहें हैं काम, कान पकड़कर बाहर करेगी सरकार, RJD का बड़ा आरोप

बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर और शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है.बढ़ती तनातनी के बीच शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने गुरुवार को आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव से मुलाकात की है. वहीं आरजेडी के विधायक भाई वीरेंद्र ने फिर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक पर निशाना साधा है. मीडिया से बात करते हुए भाई वीरेन्द्र ने कहा कि बिहार सरकार के कई पदाधिकारी बीजेपी के इशारों पर काम कर रहे हैं. वैसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी और उनकी सरकार कान पकड़कर बाहर निकालने का काम करेगी.

शिक्षा मंत्री और अपर मुख्य सचिव के बीच तनातनी पर भाई वीरेन्द्र ने कहा कि यह सरकार महागठबंधन की है और सब कुछ ऑल इज वेल है. वैसे पदाधिकारी पर सरकार निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी जो सरकार की बात नहीं मानते हैं. सरकार के द्वारा निश्चित रूप से कार्रवाई होती है और उसे हटाने का काम करती है. वहीं शिक्षा मंत्री के आप्त सचिव का शिक्षा विभाग में प्रवेश पर रोक के सवाल पर भाई वीरेन्द्र ने कहा कि यह जांच का विषय है. कानून से ऊपर कोई नहीं है और मनमानी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सरकार कार्रवाई करेगी.

आईएस केके पाठक पर निशाना साधते हुए भाई वीरेन्द्र ने कहा कि उनके मद्य निषेध विभाग का अधिकारी रहते हुए ड्रोन चोरी होता है. ड्रोन की खरीददारी जनता की गाढ़ी कमाई से की गई थी. आखिर वह ड्रोन गया कहां इसकी भी जांच सरकार करवाएगी और वैसे पदाधिकारी पर निश्चित रूप से कार्रवाई करने का काम करेगी. केके पाठक के कड़क पदाधिकारी होने के सवाल पर आरजेडी विधायक ने कहा कि कड़क अधिकारी होना गलत बात नहीं है. लेकिन अच्छे कामों के लिए कड़क पदाधिकारी होना चाहिए.

आरजेडी विधायक भाई वीरेन्द्र ने कहा कि जनता के हित में काम करने के लिए कड़क पदाधिकारी होना चाहिए. अपने सुविधा के लिए कड़क नहीं होना चाहिए, सरकार की हित में काम करने के लिए कड़क होना चाहिए. वैसे पदाधिकारी को सरकार चिन्हित करेगी जो बीजेपी के इशारों पर सरकार की किरकिरी करवा रहे वैसे पदाधिकारी को सरकार कान पड़कर बाहर निकालने का काम करेगी.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.