Breaking News

शादी का बासी भोजन खाने से 50 बच्चे बीमार:खगड़िया में समारोह में बना था मुर्गा-चावल

खगड़िया में रात का बासी भोजन खाने से महादलित बस्ती के 50 बच्चे बीमार हो गए, जिसमें 6 की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना जिले के अलौली थाना क्षेत्र के लड़ही गांव की बताई जा रही है। बच्चों के बीमार पड़ने पर सभी को स्थानीय अलौली पीएचसी में भर्ती कराया गया है।

बताया जाता है कि लड़ही गांव के वार्ड संख्या एक के साहेब टोला नामक महादलित बस्ती में सोमवार की रात एक शादी समारोह के मौके पर आयोजित भोज का बचा भोजन मंगलवार की सुबह गांव के बच्चों के बीच परोसा गया था।

भोजन खाने के बाद सभी बच्चे बीमार पड़ने लगे तो परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी बच्चों को अलौली पीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इधर, इस घटना की जानकारी सामने आने पर प्रशासनिक टीम अलौली के लिए रवाना हो गई है। बच्चों के बीमार पड़ने पर अस्पताल में परिजनों की भीड़ लगी रही।

बासी भोजन खाने से बच्चे होने लगे बीमार

अलौली के लड़ही गांव में महादलित टोला में युगेश्वर सदा की बेटी की शादी के मौके पर भोज का आयोजन किया गया था। बचा हुआ बासी भोजन सुबह में छोटे छोटे बच्चों को खिलाया गया। उसे खाने के बाद बच्चों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द शुरू हो गया। एक-एक कर बच्चों को बीमार पड़ते देख आशंका जताई जा रही है कि बासी भोजन खाने से सभी बच्चे फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए हैं।

सदर एसडीओ अमित अनुराग ने बताया कि अलौली के महादलित बस्ती में बच्चों के बीमार पड़ने की जानकारी मिली है। जांच के लिए टीम वहां गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। सभी बच्चों का इलाज चल रहा है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.