Breaking News

बिगड़ी सूरत:छोटी सरैयागंज और धर्मशाला चौक के पास जलजमाव, निगम ने जेसीबी से आउटलेट की सफाई कराई

गुरुवार को रुक-रुक कर हुई बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली। शहरवासियों को सुकून महसूस हुआ। हालांकि, छोटी सरैयागंज और स्टेशन रोड में धर्मशाला चौक के पास मेन रोड पर जलजमाव हो गया। आनन-फानन में जेसीबी से स्टेशन रोड के पास आउटलेट की सफाई की गई। तब जाकर धर्मशाला चौक का पानी निकला जबकि ड्रेनेज की कनेक्टिविटी नहीं होने से शाम तक छोटी सरैयागंज में पानी लगा रहा। दूसरी ओर बिना बैरिकेडिंग किए कंपनीबाग से ब्रह्मपुरा तक गड्ढा खोद देने से बारिश के बाद स्थिति खतरनाक हो गई है।

मेन रोड पर बारिश के बाद कीचड़ फैल गया। आने वाले समय में और ज्यादा नारकीय स्थिति भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। थोड़ी देर की बारिश के बाद ही नगर निगम की टीम धर्मशाला चौक के पास जलजमाव होने पर जेसीबी लेकर कल्वर्ट की सफाई करने पहुंची। कल्वर्ट सफाई करने के बाद पानी तेजी से निकला। फरदो समेत कई अन्य स्थानों पर भी मजदूर लगाकर शाम में कल्वर्ट की सफाई की गई।‌

गुरुवार की दोपहर तेज बारिश के दौरान शहर के सरैयागंज टावर चौक के पास से गुजरता स्कूटी सवार परिवार।

गुरुवार की दोपहर तेज बारिश के दौरान शहर के सरैयागंज टावर चौक के पास से गुजरता स्कूटी सवार परिवार।

ड्रेनेज कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण भारी बारिश होने पर होगी परेशानी

निगम का दावा : आउटलेट की सफाई कर देने से पानी तेजी से निकलेगा

निगम का दावा है कि नाला पहले से साफ है। आउटलेट की सफाई कर देने से पानी तेजी से निकलेगा। हालांकि, अभी भारी बारिश का इंतजार किया जा रहा है। दो-तीन घंटे की बारिश होने के बाद ही पता चलेगा कि कहां किस तरह की स्थिति बनती है। दूसरी ओर कई जगह सीवरेज या नाला बनाने के लिए खोदे गए गड्‌ढों के आसपास बैरिकेडिंग नहीं की गई है। खासकर महेश बाबू चौक व ब्रह्मपुरा में खतरनाक स्थिति है।‌ आने वाले समय में नाला की कनेक्टिविटी नहीं होने व गड्ढा करने से और ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ेगी।

आरसीडी को निर्देश : लक्ष्मी चौक से पुलिस लाइन और मरीन ड्राइव रोड होगा दुरुस्त

शहर में सीवरेज के लिए जगह-जगह खोदे गए गड्ढे धंसने लगे हैं। मरीन ड्राइव रोड में पूर्व मेयर सुरेश कुमार के घर के पास बुधवार को दो मालवाहक वाहन फंस गए। स्मार्ट सिटी के एमडी नवीन कुमार ने पथ निर्माण विभाग को मरीन ड्राइव व लक्ष्मी चौक से पुलिस लाइन तक सीवरेज के लिए खोदे गए गड्ढों की मरम्मत अविलंब शुरू करने का निर्देश दिया है। चार रोड में सीवरेज के लिए खोदे गए गड्ढों को पथ निर्माण विभाग ने मेंटेन करने के लिए स्मार्ट सिटी से 8 करोड़ रुपए लिए हैं। स्मार्ट सिटी के एमडी नवीन ने बताया कि पथ निर्माण विभाग की ओर से मरीन ड्राइव रोड और लक्ष्मी चौक से पुलिस लाइन तक सड़क की मेंटेनेंस की जा रही है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.