इस वर्ष जिन इलाकाें में बाढ़ आएगी वहां के लिए नाव पर अस्पताल की व्यवस्था की गई है। इससे बाढ़ के पानी से घिरे लाेगाें के बीमार हाेने पर उनका इलाज किया जा सकेगा। संबंधित इलाकाें में सड़क संपर्क ध्वस्त हाेने पर उक्त नौका अस्पताल पर रहनेवाली स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभाविताें के घर के पास पहुंचकर उनका इलाज करेगी। दवाइयां उपलब्ध कराएगी। अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने इसे लेकर सभी प्रमंडलीय आयुक्त, डीएम व सीएस को गाइडलाइन जारी की है। जिला स्तर पर डीएम की अध्यक्षता में महामारी रोकथाम समिति बनेगी जिसमें डीडीसी, एसएसपी, सीएस, आपूर्ति विभाग, जिला आपदा प्रबंधन व लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पदाधिकारी सदस्य हाेंगे।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग पीने के पानी व सफाई की व्यवस्था करेगा। बड़े जलस्रोतों में ब्लीचिंग पाउडर व डेंगू, मलेरिया, कालाजार का फैलाव राेकने के लिए डीडीटी छिड़काव हाेगा। ऊंचे स्थानाें पर बनेगा अस्थायी प्रसव कक्ष : जिला व प्रखंड स्तर पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा दलों का गठन हाेगा। इनमें मोबाइल दल भी शामिल रहेंगे। ऊंचे स्थानाें पर अस्थायी प्रसव कक्ष बनेगा। राज्य नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 104 पर बाढ़ से संबंधित काेई भी सूचना दी जा सकती है।



Comment here