जदयू सांसद सुनील कुमार उर्फ पिंटू पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगा है। एक महिला ने नौकरी देने के नाम पर उसका शोषण करने का आरोप लगाया है। साथ ही विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही है।
मामले में महिला ने हाजीपुर के सीजीएम कोर्ट में सांसद के खिलाफ परिवाद दायर किया है। ये वही महिला है, जिस पर सांसद ने ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि एक एडिटेड वीडियो के एवज में महिला 2 करोड़ रुपए मांग रही है।
इधर, जदयू सांसद ने महिला के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनके ऊपर लगे आरोपों को लेकर उन्हें जानकारी नहीं है। मेरे खिलाफ किसने शिकायत की वह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
बता दें कि एक हफ्ते पहले सांसद ने पटना में महिला के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। जिसमें सांसद ने बताया था कि एक महिला वीडियो को एडिट कर उसे वायरल करने की धमकी दे रही है। उसके बदले में 2 करोड़ रुपए की मांग कर रही है।
सांसद ने पटना के शास्त्रीनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया था। इस दौरान महिला से पूछताछ की गई। अब महिला ने भी 9 जून को हाजीपुर के सीजीएम कोर्ट में सांसद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
महिला बोली- सांसद मेरे साथ गलत करते थे
महिला ने बताया कि उसके पिता की तबीयत खराब थी और इलाज के लिए वह दर-दर भटक रही थी। तभी एक शख्स ने सांसद पिंटू से मुलाकात कराई। इस दौरान मेरे पिता की मौत हो गई। फिर सांसद ने मुझे नौकरी देने का वादा किया। इसके एवज में वह मुझसे जबरदस्ती करते थे। उन्होंने मेरे साथ गलत किया।



Leave a Reply