Breaking News

जिस दुल्हन को बाइक पर उठा ले गए..वो सामने आई:बोली-भाइयों ने किडनैप किया; अररिया कोर्ट ने ससुरालवालों को सौंपा

अररिया में जिस दुल्हन का पंचायत से बाइक पर अपहरण हुआ था, उसे पुलिस ने बरामद कर कोर्ट में पेश किया है। कोर्ट ने उसे ससुराल वालों को सौंप दिया। लड़की ने कहा कि उसके भाइयों ने अपहरण किया था। पुलिस ने बचाया है। पति के साथ ही रहूंगी।

बता दें कि घर से भागकर रूपा और छोटू ने दो जून को सुपौल में लव मैरिज की थी। तीन जून को पंचायत के दौरान उसके भाई दुल्हन को बाइक पर उठा ले गए थे। पुलिस ने लड़की की तलाश की। कोर्ट में 164 के तहत बयान दर्ज कराया।

लड़की ने कोर्ट में कहा कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। उसने अपनी मर्जी से पति छोटू से प्रेम विवाह किया है। वहीं, कोर्ट ने बयान दर्ज करने के बाद रूपा को सास-ससुर के हवाले कर दिया।

सास के साथ रूपा।

सास के साथ रूपा।

यह मामला बथनाहा ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत नरपतगंज प्रखंड की भंगही पंचायत के श्याम नगर गांव का है। उधर, कोर्ट के फैसले के बाद डरकर भागा हुआ पति भी घर लौट आया।

दूल्हे के पिता सुरेश ठाकुर ने बताया कि उन लोगों ने कोर्ट में आपसी सुलह कर लिया है। दुल्हन को लेकर वह अपने घर जा रहे हैं। हालांकि दुल्हन के परिजन अभी भी इस शादी से नाराज हैं।

अब जानें दुल्हन रूपा ने क्या कहा

दुल्हन रूपा ने कहा कि हम लोग भागकर मंदिर में शादी किए। दो को कोर्ट में शादी करने के बाद तीन तारीख को पंचायत हुई। पंचायत में कोर्ट मैरिज का पेपर लेकर आए। सबको दिखाया। खाना खाने के बाद घरवालों ने किसी पेपर पर साइन करवाया और कहा कि लड़की को हम लोगों को सौंपना होगा। मैंने कहा कि मैं उन लोगों के साथ नहीं जाऊंगी तो जबरदस्ती रूपेश कुमार मंडल और आनंद कुमार अपने साथ बाइक पर बैठाकर कहीं ले गए। मुझे कहीं रखा गया था। वहां पुलिस पहुंची, जिसके बाद पुलिस अपने साथ मुझे लेकर आ गई। मैं लड़के के साथ ही जाना चाहती हूं। उनके साथ ही रहना चाहती हूं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.