AIMIM सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी ने नालंदा और सासाराम हिंसा पर बिहार सरकार को घेरा है। कहा कि हिंसा के जिम्मेदार हिंदुओं को बचाया जा रहा। मुसलमान लड़कों को गिरफ्तार किया जा रहा है। वहीं इफ्तार पार्टी पर नीतीश-तेजस्वी को घेरा। कहा- सेक्युलर CM और डिप्टी CM को फैंसी ड्रेस से फुर्सत नहीं है।
ओवैसी ने इससे पहले भी बिहारशरीफ मामले पर प्रतिक्रिया दी थी। कहा था- बिहार में 100 साल से ज़्यादा पुराने मदरसे को जला दिया गया। जो सेक्युलरिज़्म के चौधरी हैं, जो लोग मेरे चुनाव लड़ने पर मुझ पर क्या-क्या झूठे इल्ज़ाम लगाते हैं, अब तो कुछ बोलो आप?
दावत-ए-इफ्तार की तस्वीर पर कसा तंज
ओवैसी ने नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की टोपी पहने तस्वीर ट्वीट की। लिखा- ‘सासाराम और नालंदा में हुई हिंसा के जिम्मेदार हिन्दुत्ववादियों को जेल भेजने की बजाय मुसलमान लड़कों और बच्चों को ही गिरफ्तार किया जा रहा है। दूसरी ओर बिहार के सेक्युलर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को फैंसी ड्रेस से फुर्सत नहीं है।’

ओवैसी का सोशल मीडिया पोस्ट।
CM नीतीश और ओवैसी के बीच हुई थी बयानबाजी
बता दें कि हाल में हुई सासाराम-नालंदा हिंसा पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि कुछ लोगों की ओर से जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई। बिहार में हिंसा हुई नहीं, कराई गई है। उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि 2 लोग हैं, एक राज कर रहा है और दूसरा उसका एजेंट है। यही लोग सब करवा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में बिना नाम लिए ओवैसी पर हमला किया था। इसके बाद असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया पर लिखा था- मैंने CM नीतीश कुमार से पूछा कि जुलूस के नाम पर हिंदू संगठनों ने फसाद फैलाया और प्रशासन उन्हें रोकने में नाकामयाब रही, लेकिन मेरे सवाल का जवाब देने के बजाय वे हमें एजेंट कह रहे हैं। आप अपने भतीजे को लेकर मस्जिद जाइए मुआवजे का ऐलान कीजिए। जब वहां जाना था, तब खजूर खा रहे थे।



Comment here