भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के चांदी गांव स्थित हनुमान मंदिर के समीप सोमवार की सुबह नशे के दौरान उपजे विवाद को लेकर भाई ने मेरे भाई को गोली मार दी। जख्मी युवक को गोली दाहिने पैर में घुटने के लगी है। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जख्मी हालत में जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद परिजन द्वारा उसे इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार जख्मी युवक चांदी थाना क्षेत्र के चांदी गांव निवासी स्व.धीरज सिंह का 39 वर्षीय पुत्र गोपाल सिंह है। घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है। इधर गोपाल सिंह ने बताया कि उसका ममेरा भाई प्रकाश भाई एक साथ बैठकर खाते-पीते हैं।
रविवार को भी वह दोनों एक साथ बैठ कर खा-पी रहे थे। उसी दौरान नशा चढ़ने के बाद प्रकाश ने उसका गला कसकर दाब दिया और वह गिर गया। इसके बाद उसने भी प्रकाश का गला दाब दिया। जिसके बाद वह भी गिर पड़ा। इसके बाद गुस्से में आकर गोपाल सिंह ने उसे बांस से मार दिया। जिससे उक्त आरोपी का हाथ टूट गया था, जिसके बाद जख्मी ने उसका इलाज कराकर उसे घर भेज दिया। दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। हालांकि रविवार को बात खत्म हो गई थी।
सोमवार की सुबह प्रकाश का भाई अपने दो अन्य साथियों के साथ बाइक से आया और उसे घर से बुलाया। जब वह घर से बाहर आया तो उसने कहा कि तुमने मेरे भाई को क्यों मारा। इसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई। जिसके बाद उसने उसके पैर में गोली मार दी। जिसके बाद वह भागने लगा। तभी भागने क्रम में भी उसके द्वारा दुबारा फायरिंग की गई। लेकिन उसे गोली नहीं लगी।
दूसरी ओर जख्मी गोपाल सिंह ने प्रकाश के बड़े भाई पुष्कर पर गोली मारने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने बताया कि गोली से जख्मी हालत में एक युवक आया था। उसके घुटने के जोड़ के पास गोली लगी थी। गोली लगने के कारण वहां घुटने की ज्वाइन नली डैमेज हो गया था और खून काफी निकल गया था। डैमेज नली का रिपेयर कर दिया गया है और खून को भी सिक्योर कर दिया गया है। अभी तत्काल उसे दो यूनिट ब्लड चढ़ाया जाएगा। मरीज की स्थिति अभी ठीक है।



Comment here