Breaking NewsUncategorized

आज से बिहार में ठंड से राहत की उम्मीद:कल से बढ़ेगा दिन का तापमान, बांका सबसे ठंडा

बिहार में करीब 19 दिनों से ठंड का कहर जारी है। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से ठंड से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन शुक्रवार-शनिवार रात से मौसम अचानक बदल गया। पटना समेत कई जिलों में बूंदाबांदी हुई।

शनिवार को बांका जिला सबसे ठंडा रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना के न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।

रविवार को ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहेगा। पहले की तरह दिन में धूप निकलेगी और रात में पारा गिरेगा। न्यूनतम तापमान में इजाफा देखने को मिलेगा। लेकिन लोगों को हल्की ठंड सताएगी। शुष्क और सर्द पछुआ हवाओं के कारण अगले कुछ दिनों तक ठंड में कमी की उम्मीद बहुत नहीं है। अच्छी बात है कि धूप निकलने से राहत मिलेगी।

धूप निकलने की आहट।

धूप निकलने की आहट।

बिहार में इस बार बदला ठंड का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार आमतौर पर पटना समेत पूरे प्रदेश में मकर सक्रांति के बाद ठंड में कमी होने लगती है। लेकिन इस बार रात में अभी भी पारा 6 डिग्री के नीचे रह रहा है। इस बार मौसम का मिजाज कुछ बदला-बदला सा नजर आ रहा है। बता दें कि उत्तर बिहार में इस बार ठंड ने 64 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसके अलावा भागलपुर के सबौर और बांका जिला इस बार सबसे ज्यादा ठंडा रहा। जबकि आमतौर पर भौगोलिक बनावट के कारण बिहार का गया जिला सबसे ज्यादा ठंडा और सबसे ज्यादा गर्म रहता है।

23 जनवरी के बाद लोगों को मिलेगी ठंड से राहत

ठंड से बिहार के लोगों को 23 जनवरी के बाद राहत मिल सकती है। इन दिनों मौसम दिन और शाम के समय सामान रहने के आसार दिखाई दे रहे हैं। 23 जनवरी यानी सोमवार से बिहार के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान 20 से 24 डिग्री होने का अनुमान है, वहीं रात में तापमान 10 से 12 डिग्री होने का अनुमान है।

सुबह के समय कोहरा रह रहा है, लेकिन धूप निकलने से छंट जा रहा है।

सुबह के समय कोहरा रह रहा है, लेकिन धूप निकलने से छंट जा रहा है।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राहत की उम्मीद

मौसम विभाग के मुताबिक देश के उत्तरी हिस्से में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे 23 से 26 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इससे उत्तर भारत के मैदानी हिस्से में दिन के साथ ही रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। इससे ठंड से राहत मिलेगी।

बांका सबसे ठंडा

बिहार के कुछ जिलों में इन दिनों तापमान गिर रहा है। प्रदेश में शनिवार को बांका जिला सबसे ठंडा रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गया में 9.7 डिग्री, भागलपुर में 9.1 डिग्री, भागलपुर के सबौर में 5.8 डिग्री, अररिया और किशनगंज में 7 डिग्री खगड़िया में 7.9 डिग्री कटिहार और पूर्णिया में 8.1 डिग्री, वाल्मीकि नगर में 9.6 डिग्री और राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री दर्ज किया गया।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.