बिहार के भागलपुर में आंधी-बारिश ने सिस्टम की भी पोल खोलकर रख दी.
भागलपुर के सुल्तानगंज में लगभग 1,710 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा एक पुल मामूली आंधी-तूफान भी नहीं झेल सका और देखते ही देखते भरभरा कर गिर गया. हालांकि इस हादसे में जानमाल का तो कोई नुकसान नहीं हुआ लेकिन सरकारी खजाने को करोड़ों का नुकसान जरुर हो गया. मौके पर पहुंचे सुल्तानगंज से जदयू विधायक ललित नारायण मंडल ने तो भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया है. वहीं उनका कहना है कि मुख्यमंत्री को सूचित कर दिया गया है. मामले की जांच होगी.
भागलपुर के सुल्तानगंज में निर्माणाधीन पुल के गिरने को लेकर जदयू के विधायक ललित नारायण मंडल ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि पुल बनाने के लिए घटिया सामान का इस्तेमाल किया गया है. पुल बनाने में खूब भ्रष्टाचार हुआ है. जदयू विधायक ने कहा कि इसी वजह से पुल का ढांचा मामूली आंधी भी नहीं झेल पाया और धराशायी हो गया. विधायक का कहना है कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने का निर्देश दिया था.

एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन प्रा.लि. के प्रोजेक्ट निदेशक आलोक कुमार झा के मुताबिक पुल गिरने से करीब 40 करोड़ की क्षति होने का अनुमान है. 1710.77 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन पुल में कुल 31 पाया हैं. पुल की कुल लंबाई 3.160 किलोमीटर है. जून तक इस पुल को तैयार करना है. बताया जा रहा है कि सुलतानगंज में गंगा नदी पर बन रहा अगवानी-सुलतानगंज पुल की पाया संख्या 4,5,6 के दोनों ओर के 36 स्लैब ध्वस्त हो गये. घटना की सूचना मिलते ही विधायक सहित बीडीओ, सीओ एवं पुल निर्माण कार्य से जुड़े कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन की. मिली जानकारी के अनुसार तकनीकी जांच टीम पटना से रवाना हो चुकी है. जांच टीम आने के बाद पड़ताल करेगी कि किस कारण से स्लैब गिरे हैं.

बता दें कि भागलपुर के सुलतानगंज में गंगा नदी पर बन रहा अगवानी-सुलतानगंज पुल का पाया संख्या 4,5,6 के दोनों ओर के 36 स्लैब ध्वस्त हो गये. शनिवार की सुबह करीब 3.30 बजे अचानक जोरदार आवाज हुई. देखते ही देखते 36 स्लैब गिर गये. भागलपुर और खगड़िया को जोड़ने वाला महासेतु का सुपर स्ट्रक्चर गिर गया. 1710.77 करोड़ की लागत से इस पुल का निर्माण हो रहा है. केबल आधारित इस पुल की लंबाई 3160 मीटर है. यह पुल कई आधुनिक सुविधाओं से लैस है. केबल पर झूलता हुआ यह पुल होगा.


Input : LiveCities



Comment here