मुजफ्फरपुर के नवगठित नगर परिषद क्षेत्र कांटी, मोतीपुर व साहेबगंज के वार्डों का गठन अगले 3 दिनों में कर दिया जाएगा। जबकि, चाराें नगर पंचायत के वार्डों का पहले चरण में निर्धारण करने का निर्देश सोमवार को डीएम प्रणव कुमार ने दिया। उन्होंने तीनों सीओ को 3 दिनाें के अंदर वार्ड गठन करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही नगर पंचायतों के संबंध में मांगी सूचना आयोग को भेजे जाने की जानकारी देते हुए डीएम ने आयोग से मिले मार्गदर्शन के अनुसार नगर पंचायतों के वार्डों का गठन करने का निर्देश दिया।
सभी अंचलाधिकारियों से नजरी नक्शा और आबादी के साथ 11 को मांगी गई है रिपोर्ट
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में तीनों नगर परिषद के नए वार्ड की भौगोलिक सीमा प्राकृतिक स्रोतों जैसे अहर, पईन, रोड या नदी को बनाने का निर्देश दिया गया। डीएम ने हिदायत दी कि एक परिवार तथा पंचायत का वार्ड एक ही वार्ड में हो ताकि भविष्य में मतदाता सूची के विखंडन में शिकायत नहीं मिले। सभी सीओ को नजरी नक्शा व आबादी के साथ 11 फरवरी को रिपोर्ट देने को कहा गया है ताकि 11 फरवरी को प्रारुप का प्रकाशन हो सके।
इसके बाद दावा आपत्ति का निष्पादन करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त से अनुमोदन लिया जा सके। इसके बाद पहले चरण में 10 फरवरी तक ही माधोपुर सुस्ता, तुर्की, मीनापुर व सकरा नगर पंचायत के वार्डों को भी गठन करने का निर्देश दिया गया है। बांकी का आगे मिले निर्देश के अनुसार वार्डों का गठन होगा।

नवगठित निकायों में 10 तक वार्ड गठन का है निर्देश
आयोग के निर्देश के अनुसार जिले के नवगठित नगर निकायों का 10 फरवरी तक वार्डों का गठन करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन, नगर पंचायतों के संबंध में मांगी गयी सूचना को जिला पंचायती राज अधिकारी सुषमा कुमारी ने डीएम सह जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत के माध्यम से उपलब्ध कराया है।
इस प्रकार है वार्ड गठन का कार्यक्रम
- वार्ड का सीमांकन 10 फरवरी को
- गठित वार्ड का प्रारुप प्रकाशन 11 फरवरी
- आपत्ति लेने की अवधि 11 से 24 फरवरी
- आपत्तियों का निष्पादन 13 से 26 फरवरी
- वार्ड की सूची पर आयुक्त का अनुमोदन 28 फरवरी से 05 मार्च
- अंतिम रूप से गजट का प्रकाशन 08 मार्च



Leave a Reply