Uncategorized

NDA में 40 सीट चाहते हैं मांझी, कहा- 20 विधायक जीतकर आएंगे तो सरकार में ये काम करवा पाएंगे..

गया: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा ने तैयारियां शुरू कर दी है. इसी के साथ हम संरक्षक जीतनराम मांझी ने एनडीए में सीट बंटवारे से पहले ही अपनी मंशा जाहिर कर दी है. उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि हमारे कम से कम 20 विधायक जीतकर आए, इसके लिए हम 40 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहते हैं.

जीतनराम मांझी ने ठोका दावा: गया के शेरघाटी में ‘गरीब चेतना सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि हमलोग चाहते हैं कि बिहार विधानसभा चुनाव में हम पार्टी को 40 सीट मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि बिहार और गया के विकास के लिए कम से कम उन्हें 20 सीट जितनी जरूरी है. 40 सीट मिलने पर वह निश्चित तौर पर 20 सीटों पर जीत दर्ज करेंगे. उन्होंने शेरघाटी विधानसभा सीट से हम उम्मीदवार के लड़ने के भी संकेत दिए हैं.

जीतनराम मांझी ने कहा कि अगर हम पार्टी के 20 विधायक जीतकर आएंगे तो सरकार में हमारी बात गंभीरता से सुनी जाएगी.

उन्होंने कहा कि चाहे वह भूमि का सवाल हो, बंदोबस्ती का सवाल हो, शिक्षा का सवाल हो या फिर जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे हो, सभी मुद्दों को हमारे विधायक मिलकर लागू करवाएंगे. इससे गरीबों का फायदा होगा, इसलिए हम चाहते हैं कि विधानसभा में हमारे कम से कम 20 विधायक जीतकर आएं.

जीतन राम मांझी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जो शेरनी का दूध पियेगा, वह दहाड़ेगा. शेरनी का दूध उन्होंने शिक्षा को कहा. साथ ही कहा कि मुसहर का साक्षरता दर 7% है, जो बहुत कम है. ऐसे में हमें शिक्षित होना चाहिए. जो शिक्षित होगा, वही दहाड़ेगा. जब तक चेतना नहीं आएगी, तब तक विकास हमारे समाज का नहीं होगा. मांझी ने राजनीति को चाबी और विकास को ताला बताया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.